
*होली पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क, संवेदनशील क्षेत्रों का किया गया निरीक्षण*
महराजगंज। जनपद में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी फरेंदा श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा उपजिलाधिकारी फरेंदा के साथ थाना बृजमनगंज क्षेत्र के संवेदनशील ग्राम धानी का भ्रमण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने होलिका दहन स्थल एवं प्रस्तावित जुलूस मार्ग का जायजा लिया तथा सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों से संवाद कर पर्व को आपसी भाईचारे एवं शांति के साथ मनाने की अपील भी की गई।
अधिकारियों ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
प्रशासन द्वारा क्षेत्र में सतत निगरानी एवं आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं, जिससे होली का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


