
28 फरवरी को कायड़ विश्राम स्थली पर पीएम मोदी के रहने के समय अजमेर-किशनगढ़ नेशनल हाईवे पर यातायात बंद रहेगा।
करीब 15 किलोमीटर का सफर भी हेलीकॉप्टर से होगा।
================
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा 28 फरवरी को अजमेर-किशनगढ़ के बीच स्थित कायड़ विश्राम स्थली पर होगी। इस सभा में पीएम मोदी करीब 20 हजार करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे तथा 21 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र भी देंगे। पीएम मोदी की सभा के लिए भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ साथ सरकारी स्तर पर भी तैयारियां हो रही हैं। सभा स्थल पर दो लाख लोगों को एकत्रित करने की योजना बनाई जा रही है। पुलिस प्रशासन पार्किंग के लिए भी विशेष इंतजाम कर रहा है, ताकि प्रदेश भर से आने वाले लोगों को अपने वाहन खड़े करने की परेशानी न हो। चूंकि पीएम मोदी की सुरक्षा के कड़े मापदंड है, इसलिए सुरक्षा अधिकारियों ने तय किया है कि पीएम मोदी जब तक कायड़ विश्राम स्थली की सभा में रहेंगे, तब तक अजमेर-किशनगढ़ के बीच नेशनल हाईवे पर यातायात को बंद रखा जाएगा। असल में यह कायड़ विश्राम स्थली इसी हाईवे पर है। पीएम मोदी का 28 फरवरी को प्रातः साढ़े 9 बजे किशनगढ़ के एयरपोर्ट पर पहुंचने का कार्यक्रम है। लेकिन पीएम मोदी के किशनगढ़ एयरपोर्ट पर आने से एक घंटा पहले ही नेशनल हाईवे पर यातायात को बंद कर दिया जाएगा। प्रशासन के अधिकृत सूत्रों के अनुसार जयपुर से आने वाले ट्रैफिक को किशनगढ़ से पहले ही नसीराबाद वाले मार्ग पर मोड़ा जाएगा। इसी प्रकार अजमेर से आने वाले ट्रैफिक को भी माखुपुरा से पूर्व ही मोड़ा जाएगा। यानी किसी भी वाहन को पीएम मोदी के रहते नेशनल हाईवे पर नहीं आने दिया जाएगा। यहां उल्लेखनीय है कि अजमेर-किशनगढ़ के नेशनल हाईवे पर सुबह के समय सबसे ज्यादा ट्रैफिक रहता है। पीएम मोदी जब किशनगढ़ एयरपोर्ट से रवाना होंगे, इसके बाद ही नेशनल हाईवे पर यातायात को शुरू किया जाएगा। माना जा रहा है कि पीएम मोदी दोपहर एक बजे तक सभा स्थल पर रह सकते हैं।
हेलीकॉप्टर से सफर:
पीएम मोदी दिल्ली से विशेष विमान के जरिए किशनगढ़ एयरपोर्ट पर उतरेंगे। किशनगढ़ एयरपोर्ट से कायड़ विश्राम स्थली की दूरी करीब 15 किलोमीटर है, लेकिन सुरक्षा कारणों से पीएम मोदी इस 15 किलोमीटर का सफर हेलीकॉप्टर से तय करेंगे। कायड़ विश्राम स्थली के सभा मंच के निकट ही अस्थाई हेलीपैड बनाया गया है। पीएम मोदी किशनगढ़ एयरपोर्ट से अस्थाई हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से आएंगे। यदि पीएम मोदी किशनगढ़ एयरपोर्ट से कायड़ विश्राम स्थली तक का सफर सड़क मार्ग तय करते हैं तो सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त करने होंगे। 15 किलोमीटर के सफर में पीएम मोदी को मुश्किल से पांच मिनट भी नहीं लगेंगे। जो लोग 28 फरवरी को सुबह अजमेर जयपुर के बीच सफर करना चाहते हैं उन्हें पीएम मोदी की सभा का ख्याल करते हुए अपनी यात्रा का निर्धारण करना चाहिए।


