
महराजगंज, 28 फरवरी 2026, जिलाधिकारी श्री सन्तोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक श्री सोमेन्द्र मीना द्वारा समाधान दिवस के अवसर पर थाना श्यामदेउरवा में जन शिकायतों की सुनवाई की गई। समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी महोदय द्वारा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। सुनवाई के क्रम में जिलाधिकारी महोदय ने ग्राम नटवा जंगल निवासी कैलाश साहनी द्वारा पूर्व में की गई शिकायत के निस्तारण के स्थिति की जानकारी स्वयं मोबाइल फोन के माध्यम से प्राप्त किया। शिकायतकर्ता ने अवगत कराया कि उनके भूमि की पैमाइश कर दी गई है तथा वे निस्तारण से संतुष्ट हैं। वर्तमान में कोई समस्या शेष नहीं है। जिलाधिकारी महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का समाधान पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
समाधान दिवस के दौरान विमला पत्नी श्रवण (सेमरा चन्दौली, परतावल चौकी), परशुराम पुत्र जोखई (बसडीला उर्फ अमवा), सत्यनारायण पुत्र पूर्णवासी, रविन्द्रा देवी (पंचदेउरी), उदयभान तिवारी (लखिमा), अमरनाथ पुत्र सुखराम (बड़हरा बरईपार) तथा सुनिल कुमार कन्नोजिया (बसहिया बुजुर्ग) सहित अन्य शिकायतकर्ताओं ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया। संबंधित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर जिलाधिकारी महोदय ने आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने का आह्वान किया। उन्होंने आमजन से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त की। जिलाधिकारी महोदय ने पुलिस अधिकारियों को शांति व्यवस्था के दृष्टिगत क्षेत्र में भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया। थाना समाधान दिवस में थाना अध्यक्ष, संबंधित अधिकारीगण, शिकायतकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


