Advertisement

सीओ ने किया शोहरतगढ़ थाने का निरीक्षण


सीओ ने किया शोहरतगढ़ थाने का निरीक्षण

साइबर अपराध एवं महिला सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने शुक्रवार को थाना शोहरतगढ़ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में स्थापित साइबर सेल एवं मिशन शक्ति महिला मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण कर अभिलेखों का गहन अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीओ मयंक द्विवेदी ने साइबर सेल में प्राप्त होने वाली शिकायतों के पंजीकरण एवं निस्तारण की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध के मामलों में वृद्धि हो रही है, ऐसे में पुलिस कर्मियों को तकनीकी रूप से दक्ष एवं सतर्क रहकर कार्य करना होगा। इसके अलावा उन्होंने महिला मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण कर महिलाओं से संबंधित शिकायतों के पंजीकरण, सुनवाई एवं निस्तारण की प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि महिला सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए महिलाओं से संबंधित प्रत्येक शिकायत को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ निस्तारित किया जाए। साथ ही महिला हेल्प डेस्क पर प्राप्त शिकायतों का विधिवत अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने तथा पीड़ित महिलाओं को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव एवं कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखें तथा उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करें, जिससे पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह, कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल प्रभाकर यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Janta Ka Sach News