
*होली को लेकर सोनौली पुलिस का रूट मार्च, असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी*
महराजगंज, 25 फरवरी 2026: आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सोनौली थाना पुलिस ने बुधवार को क्षेत्र के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोटरसाइकिल से रूट मार्च किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में की गई।
रूट मार्च के दौरान पुलिस बल ने बाजारों, मुख्य चौराहों, सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों तथा संवेदनशील गांवों में भ्रमण कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे होली का त्योहार आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाएं।
इस दौरान असामाजिक तत्वों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और युवाओं से संवाद कर अफवाहों से बचने, सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट साझा न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि होली को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और क्षेत्र में लगातार गश्त, चेकिंग व निगरानी की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन सुरक्षित माहौल में त्योहार का आनंद ले सकें।
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


