
*अंतरराज्यीय कृषक भ्रमण में सवाई माधोपुर के किसानों ने सीखी मशरूम उत्पादन की आधुनिक तकनीक*
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर,23 फरवरी।कृषि विभाग की आत्मा योजना के अंतर्गत सवाई माधोपुर जिले के किसानों का सात दिवसीय अंतरराज्यीय कृषक भ्रमण दल सहायक कृषि अधिकारी पिंटू लाल मीणा एवं अमित कुमार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का भ्रमण कर रहा है। भ्रमण के दौरान किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, वैकल्पिक कृषि उद्यमों एवं बाजार उन्मुख खेती की जानकारी प्रदान की जा रही है।
सहायक कृषि अधिकारी पिंटू लाल मीणा ने बताया कि भ्रमण दल को भदोही में प्रगतिशील किसान प्रमोद त्रिपाठी के फार्म पर बटन एवं ऑयस्टर मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। जिला उद्यान अधिकारी ममता यादव एवं विशेषज्ञों ने किसानों को बताया कि प्रारंभिक स्तर पर ऑयस्टर मशरूम उत्पादन कम लागत में घर के कमरे या शेड में आसानी से शुरू किया जा सकता है। प्रगतिशील किसान द्वारा छह वर्ष पूर्व छोटे स्तर से शुरू किए गए मशरूम उत्पादन से वर्तमान में लगभग 2 करोड़ रुपये का वार्षिक टर्नओवर प्राप्त किया जा रहा है, जिससे किसानों को आय बढ़ाने के नए अवसरों की जानकारी मिली।
भ्रमण के दौरान किसानों ने भदोही स्थित एक किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) का भी अवलोकन किया। एफपीओ के संस्थापक सदस्य शाश्वत पांडे ने बताया कि संगठन क्लस्टर आधारित खेती के माध्यम से लगभग 50 हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न सब्जियों का उत्पादन करवाकर किसानों से उचित मूल्य पर खरीद करता है तथा आधुनिक विपणन व्यवस्था के माध्यम से निर्यात भी किया जा रहा है। इससे किसानों को बाजार से बेहतर मूल्य प्राप्त हो रहा है।
इसके अतिरिक्त किसानों को सैम हिगिनबॉटम यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर, टेक्नोलॉजी एंड साइंसेज, प्रयागराज में कृषि वानिकी, पशुपालन, कृषि यंत्रीकरण एवं आधुनिक कृषि प्रबंधन तकनीकों की जानकारी भी दी गई।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार के कृषक भ्रमण कार्यक्रमों का उद्देश्य किसानों को उन्नत तकनीकों, वैकल्पिक आय स्रोतों एवं बाजार आधारित खेती के प्रति प्रेरित करना है, जिससे जिले में कृषि को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाया जा सके।
फोटो कैप्शन :- 23 पीआरओ 5 एवं 8 भ्रमण के दौरान प्रशिक्षण, एफपीओ मॉडल व उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी प्राप्त करते किसान।
—000—


