
13 सूत्रीय मांगों को लेकर लेखपालों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर
तहसील क्षेत्र के लेखपालों ने अपनी 13 सूत्रीय लंबित मांगों के समाधान को लेकर सोमवार को बैठक कर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा है। लेखपाल संघ ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिन के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे।
तहसील सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष आशीष संगम ने की। बैठक में पूर्व में 15 जुलाई, 29 अगस्त व 19 सितंबर 2025 को दिए गए ज्ञापनों पर चर्चा करते हुए लेखपालों ने कहा कि बार-बार अनुरोध के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया है। इससे लेखपालों का मनोबल प्रभावित हो रहा है और सरकारी कार्यों के संचालन में भी कठिनाई हो रही है।लेखपालों ने निलंबित लेखपालों की विभागीय कार्रवाई समाप्त करने, लंबित वेतन व एरियर का भुगतान करने, रियल टाइम खतौनी में सुधार कराने तथा अद्यतन खतौनी उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा फार्मर रजिस्ट्री कार्य में अनावश्यक दबाव समाप्त करने, सार्वजनिक अवकाश में ड्यूटी न लगाने, खसरा प्रिंट व आयकर रिटर्न के लिए फॉर्म-16 उपलब्ध कराने तथा ऑनलाइन एपीआर मूल्यांकन जारी करने की मांग उठाई।
संघ ने मानव संपदा पोर्टल पर विवरण अपडेट कराने, जीपीएफ/एनपीएस व सेवा पुस्तिका अद्यतन करने तथा वरासत व खतौनी सुधार के लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की भी मांग की। साथ ही तहसीलदार पर सहयोग न करने व अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए उनके स्थानांतरण की मांग की गई।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि तीन दिन के भीतर मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी तहसील प्रशासन की होगी।
बैठक में महामंत्री रजनीश विश्वकर्मा, विवेक पांडेय, रमेश जायसवाल, आलोक प्रताप सिंह, पूजा, जिज्ञासा पांडेय, अखिलेश चौधरी, माधवी पांडेय, बबिता ठाकुर सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।


