Advertisement

SIR अभियान के तहत 85,805 मतदाताओं को नोटिस, 13 AERO/ERO व बीएलओ कर रहे सत्यापन


SIR अभियान के तहत 85,805 मतदाताओं को नोटिस, 13 AERO/ERO व बीएलओ कर रहे सत्यापन

शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र में मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। तहसील क्षेत्र के 85,805 मतदाताओं को नोटिस जारी कर 13 एआरओ/आरओ अधिकारियों द्वारा बीएलओ के सहयोग से उनका सत्यापन और निस्तारण किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,60,231 मतदाता पंजीकृत थे। प्रथम चरण में बीएलओ द्वारा 2,95,479 मतदाताओं का सफलतापूर्वक सत्यापन किया जा चुका है। वहीं शेष 64,752 मतदाताओं के प्रपत्र अप्राप्य होने के कारण उनका नाम मतदाता सूची से हटाने की कार्रवाई की गई है। मतदाता सूची से हटाए गए मतदाताओं में 13,815 मृतक, 13,991 अनुपस्थित (एब्सेंट), 7,320 स्थायी रूप से स्थानांतरित (परमानेंटली शिफ्टेड) तथा 767 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं।

उपजिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेकानंद मिश्रा ने बताया कि सत्यापित 2,95,479 मतदाताओं के सापेक्ष क्षेत्र के 40,543 मतदाताओं का मैपिंग नहीं हो पा रही थी और 45,262 मतदाताओं के विवरण में तार्किक विसंगतियां पाई गई हैं। इन सभी 85,805 मतदाताओं को SIR नोटिस जारी कर सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में केवल पात्र मतदाता ही अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इसके लिए संबंधित अधिकारियों व बीएलओ को निर्देशित किया गया है कि वे नोटिसों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करें

Janta Ka Sach News