
फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाकर ठगी का प्रयास, जिला कलक्टर के नाम-फोटो के दुरुपयोग का मामला
अंतरराष्ट्रीय नंबर से आ रहे भ्रामक संदेशों से सतर्क रहने की अपील, स्थानीय पुलिस को कार्रवाई के निर्देश
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 19 फरवरी।
जिले में साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें जिला कलक्टर काना राम की फोटो का दुरुपयोग कर एक फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाई गई है। इस प्रोफाइल के माध्यम से अधिकारियों एवं आम लोगों से संपर्क कर उन्हें गुमराह कर ठगी का प्रयास किया जा रहा है।
जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि किसी व्यक्ति या गिरोह की ओर से अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबर +84562884738 पर उनकी फोटो लगाकर इसे आधिकारिक प्रोफाइल के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जो पूर्णतः फर्जी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह नंबर या प्रोफाइल उनसे संबंधित नहीं है तथा इससे प्राप्त किसी भी कॉल या संदेश पर विश्वास न किया जाए।
जिला कलक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग को अज्ञात साइबर ठग के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा शुभचिंतकों से इस नम्बर या ऐसे अन्य नंबरों से प्राप्त संदेशों का जवाब न देने और किसी भी प्रकार का वित्तीय लेन-देन नहीं करने की अपील की है।
जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात या अंतरराष्ट्रीय नंबर से प्राप्त कॉल, मैसेज या वीडियो कॉल का उत्तर न दें तथा व्यक्तिगत जानकारी, बैंक विवरण या ओटीपी किसी भी स्थिति में साझा न करें। संदिग्ध नंबर या प्रोफाइल को तुरंत ब्लॉक कर रिपोर्ट करें तथा किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की स्थिति में निकटतम पुलिस थाने या साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
कलक्टर ने कहा कि सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।


