
मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने अब आरपीएससी के निलंबित सदस्य बाबूलाल कटारा को सरकारी गवाह बनाने की मांग की।
7 जनवरी को जेल में कटारा से मिले थे मंत्री मीणा।
आरपीएससी के अध्यक्ष रहे दीपक उप्रेती, संजय क्षौत्रिय और शिवसिंह राठौड़ पर भी गंभीर आरोप लगाए।
===============
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
राजस्थान के कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने अब राज्य लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) के निलंबित सदस्य बाबूलाल कटारा को सरकारी गवाह बनाने की मांग की है। डॉ. मीणा ने गत 7 जनवरी को कटारा से जेल में मुलाकात की थी। मालूम हो कि हाल ही में कोर्ट ने कटारा को जमानत पर रिहा भी कर दिया है। आरपीएससी की आरएएस और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भ्रष्टाचार और पेपर लीक करने के आरोपों में कटारा को गिरफ्तार किया गया था। जेल में मुलाकात के बाद डॉ. मीणा ने 10 फरवरी को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में कहा गया है कि पूछताछ के दौरान कटारा ने जो तथ्य बताए है, उनकी निष्पक्ष जांच करवाई जाए। इसके साथ ही मंत्री मीणा ने कटारा को सरकारी गवाह बनाने की मांग भी की है। डॉ. मीणा ने कहा कि वह जल्द ही सीएम शर्मा से मुलाकात करेंगे। उन्होंने माना कि आरपीएससी में हुए घोटालों को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। मीणा ने कहा कि कटारा ने जांच एजेंसियों को बताया है कि कांग्रेस के एक नेता से पैसों की डील कर वे आरपीएससी के सदस्य बने थे। यह नेता तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का समर्थक है। मंत्री मीणा ने कहा कि कटारा ने उनसे मुलाकात में अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां दी है। मंत्री मीणा ने कहा कि वर्ष 2018 से 2021 के बीच हुई आरएएस और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की जांच निष्पक्ष तरीके से करवाई जाए। मंत्री मीणा ने आरपीएससी के अध्यक्ष रहे दीपक उप्रेती, संजय क्षौत्रिय और शिव सिंह राठौड़ पर भी गंभीर आरोप लगाए। मंत्री मीणा ने कहा कि दीपक उप्रेती, संजय क्षौत्रिय और शिव सिंह राठौड़ पर भी गंभीर आरोप लगाए। मंत्री मीणा ने कहा कि दीपक उप्रेती ने अपने कार्यकाल में आरपीएससी की परंपराओं को तोड़ते हुए आरएएस की परीक्षा की कॉपियां प्राइवेट संस्थाओं के शिक्षकों से जंचवाई ताकि अपने चहेतों को फायदा पहुंचाया जा सके। कांग्रेस के शासन में ही तत्कालीन अध्यक्ष भूपेंद्र यादव को छुट्टी पर भेजकर सदस्य शिव सिंह राठौड़ को आयोग के अध्यक्ष का कार्य सौंपा गया, ऐसा इसलिए किया गया ताकि आरएएस और अन्य प्रतियोगी परीक्षा में अपने लोगों को फायदा पहुंचाया जा सके। शिव सिंह राठौड़ तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह जिले जोधपुर के हैं। मंत्री मीणा ने आयोग के अध्यक्ष रहे संजय क्षौत्रिय के बारे में कहा कि उनके कार्यकाल में ही आयोग की गोपनीय शाखा से पेपर लीक हुए। क्षौत्रिय ने अपने चहेते लोगों से प्रश्न पत्र तैयार करवाए। मंत्री मीणा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि कांग्रेस के शासन में आयोग में हुए पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मामलों की उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए।


