Advertisement

राज्य बजट वर्ष 2026-27 में सवाई माधोपुर के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं


राज्य बजट वर्ष 2026-27 में सवाई माधोपुर के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं
जड़ावता के लिए राहतः 75 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज
48.65 करोड़ रुपये से जल प्रबंधन, 23 करोड़ रुपये लागत से सड़क विकास कार्य होंगे
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 11 फरवरी जिले में वर्ष 2025 में अतिवृष्टि के कारण विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित जड़ावता गांव के लिए राज्य बजट 2026-27 में 75 करोड़ रुपये का विशेष बाढ़ सुरक्षा पैकेज की घोषणा की गई है। आपदा राहत एवं कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की पहल पर घोषित इस घोषणा से प्रभावित परिवारों को न केवल आर्थिक सहायता मिलेगी, बल्कि उनको अपने जीवन को फिर से व्यवस्थित करने में मदद भी मिलेगी। राज्य बजट में की गई इस आपदा राहत पैकेज की मदद से भविष्य में गांव को पानी की मार से सुरक्षित एवं सुदृढ़ बनाने के कार्य भी किए जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी की ओर से बुधवार को राजस्थान विधानसभा में दिए गए बजट भाषण में जिले के लिए कई अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गई। इनमें सड़कों, जल प्रबंधन के लिए निर्माण कार्यो के साथ-साथ नए संस्थानों की स्थापना शामिल है। राज्य बजट में सवाई माधोपुर के लिए निम्न घोषणाएं की गई हैं –
ऽ बहतेड़ गांव के पास मोरेल नदी पर एनिकट निर्माण (मलारना डूंगर)- 20 करोड़ रुपये
ऽ मोरेल बांध की मुख्य नहर प्रणाली की मरम्मत एवं नवीनीकरण (बौंली, मलारना डूंगर)- 20 करोड़ रुपये
ऽ सवाई माधोपुर में विभिन्न सड़कों के सुदृढ़ीकरण कार्य- 15 करोड़ रुपये
ऽ ग्रामीण एवं सम्पर्क सड़कों पर स्थित विभिन्न पुलियाओं का निर्माण (खण्डार)- 7 करोड़ रुपये
ऽ मानसरोवर बांध के वेस्टवियर एवं डाउन स्ट्रीम प्रोटेक्शन की मरम्मत (खण्डार)- 8 करोड़ रुपये
ऽ नाहरसिंह पुरा में बामनवास महाविद्यालय से लेकर भोलू की ढाणी तक सड़क (बामनवास)- 1 करोड़ रुपये
ऽ सूरवाल बांध के ओवरफ्लो पानी की सुरक्षित निकासी हेतु बनास नदी में डाइवर्ट करने के लिए सर्वे एवं डीपीआर- 65 लाख रुपये
साथ ही, जिला मुख्यालय पर नई सब्जी मण्डी, तलावड़ा (खण्डार) पशु चिकित्सालय, चाखरी में 132 केवी जीएसएस का निर्माण, सवाई माधोपुर में उड़ान प्रशिक्षण संगठन (एफटीओ) की स्थापना, वन्यजीवों के इलाज के लिए भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून और भारतीय पशु चिकित्सा शोध संस्थान बरेली जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थानों की सहायता से विशिष्ट उपचार केन्द्र शुरू किया जाएगा। सवाई माधोपुर जिला कारागृह में आधुनिक मुलाकात कक्ष का निर्माण होगा।
राज्य बजट में जिले के प्रसिद्ध पद दंगल सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लोक-नृत्यों की विरासत को सहेजने के लिए संभाग स्तर पर ‘लोक नृत्य उत्सव’ आयोजित करवाने की भी घोषणा की गई है।

Janta Ka Sach News