
*डीएम ने निचलौल में निर्माणाधीन लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर का किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयबद्धता पर दिए सख्त निर्देश*
महराजगंज, 02 फरवरी 2026।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को तहसील निचलौल क्षेत्र में निर्माणाधीन लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेस्क्यू सेंटर में प्रस्तावित विभिन्न संरचनाओं का अवलोकन करते हुए निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने वन्यजीव अस्पताल, क्वारेंटाइन सेल, नाइट सेल, रेस्क्यू सेल सहित अन्य निर्माणाधीन इकाइयों को देखा। उन्होंने डीएफओ को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न किया जाए। साथ ही निर्माण में प्रयुक्त ईंट, सरिया एवं अन्य सामग्रियों की नियमित जांच सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्य मानकों के अनुरूप एवं टिकाऊ ढंग से पूर्ण हो सके।
इस अवसर पर डीएफओ द्वारा अवगत कराया गया कि लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर की मूल डीपीआर में संपर्क मार्ग एवं विद्युत संयोजन का प्रावधान शामिल नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को आवश्यक अनुपूरक मांग के लिए शीघ्र पत्र भेजने के निर्देश दिए, जिससे भविष्य में संचालन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्था सीएनडीएस को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जनपद में तेंदुओं के संरक्षण एवं सुरक्षित पुनर्वास की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने में सहायता मिलेगी, जिससे आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
उल्लेखनीय है कि लेपर्ड रेस्क्यू सेंटर की कुल लागत लगभग 14 करोड़ रुपये है। परियोजना के अंतर्गत वन्यजीव अस्पताल, क्वारेंटाइन सेल, नाइट सेल, रेस्क्यू सेल, वन्यजीव बाड़ा सहित अन्य आवश्यक संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान डीएफओ श्री निरंजन सुर्वे, एसडीएम सदर श्री सिद्धार्थ गुप्ता, रेंजर मधवलिया श्री अजीत भास्कर सहित वन विभाग एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


