Advertisement

संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ*_ *आशान्वित ब्लॉक गंगापुर सिटी में परिणामोन्मुखी एवं समन्वित कार्ययोजना लागू


_*संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ*_
*आशान्वित ब्लॉक गंगापुर सिटी में परिणामोन्मुखी एवं समन्वित कार्ययोजना लागू
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 2 फरवरी। आशान्वित ब्लॉक गंगापुर सिटी में संपूर्णता अभियान 2.0 का शुभारंभ सोमवार को मधुबन रिसॉर्ट, गंगापुर सिटी में जिला कलक्टर काना राम के आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि संपूर्णता अभियान 2.0 एक समन्वित, डेटा-आधारित एवं परिणामोन्मुखी पहल है, जिसका उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि संपूर्णता अभियान 1.0 के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण गंगापुर सिटी ब्लॉक को सिल्वर मेडल प्राप्त हुआ था और उसी क्रम में अब अभियान 2.0 को और अधिक प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है।
जिला कलक्टर ने बताया कि अभियान 2.0 के अंतर्गत कुल छह प्रमुख इंडिकेटर निर्धारित किए गए हैंकृमहिला एवं बाल विकास विभाग के चार, पशुपालन विभाग का एक तथा शिक्षा विभाग का एक इंडिकेटर। इन सभी संकेतकों पर अप्रैल 2026 तक शत-प्रतिशत सैचुरेशन के लक्ष्य के साथ कार्य किया जाएगा। अभियान का आयोजन 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा, जिसके तहत मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीबी उन्मूलन, कुपोषण की रोकथाम, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता तथा शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष फोकस रहेगा।
उन्होंने कहा कि नीति आयोग के मार्गदर्शन में संचालित यह अभियान परिणाम-आधारित प्रशासन, समावेशी विकास और सेवा वितरण में गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला स्तर पर 5 तथा ब्लॉक स्तर पर 6 नीति संकेतकों को शत-प्रतिशत सैचुरेट करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए विभागीय समन्वय, नियमित फील्ड मॉनिटरिंग, डेटा समीक्षा और सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। वहीं आशान्वित ब्लॉक प्रभारीयशस्वी अग्रवाल ने बताया कि अभियान की सफलता विभागीय समन्वय एवं जनभागीदारी पर निर्भर करती है। गतिविधियों को एक निर्धारित कैलेंडर के अनुसार चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा।
मुख्य आयोजना अधिकारी विजेन्द्र जाट ने बताया कि 30 जनवरी से 14 अप्रैल तक चरणबद्ध गतिविधियां की जाएंगी। अभियान की शुरुआत ग्राम सभाओं के आयोजन से की गई है, जिनमें स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं पशुपालन से संबंधित संकेतकों की संतृप्ति हेतु प्रस्ताव पारित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीबी उन्मूलन और स्वच्छता को लेकर शपथ दिलाई जा रही है।
4 फरवरी (विश्व कैंसर दिवस)ः प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टीबी, एनीमिया एवं मातृ स्वास्थ्य जांच व जागरूकता शिविर। 11 फरवरी (अंतर्राष्ट्रीय महिला एवं बालिका दिवस)ः विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में किशोरियों के पोषण, स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल पर विशेष सत्र। 28 फरवरी (राष्ट्रीय विज्ञान दिवस)ः आंगनबाड़ी केन्द्रों में सुरक्षित पेयजल, स्वच्छता व्यवहार एवं बाल वृद्धि निगरानी गतिविधियां। 8 मार्च (अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस)ः विशेष एएनसी पंजीकरण, परामर्श शिविर एवं गोद भराई कार्यक्रम। 16 मार्च (राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस)ः मानव एवं पशु टीकाकरण अभियान। 22 मार्च (विश्व जल दिवस)ः विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में पेयजल सुविधाओं का निरीक्षण एवं सुरक्षित जल भंडारण पर जागरूकता।
*आकांक्षी ब्लॉक गंगापुर सिटी बना प्रेरक मॉडल :-* कार्यक्रम में बताया गया कि गंगापुर सिटी ब्लॉक ने पिछले वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है। एएनसी खोजो अभियान, स्वस्थ धरोहर शिविरों एवं नवाचारों के परिणामस्वरूप एएनसी पंजीकरण दर 2023 के 60 प्रतिशत से बढ़कर 2025 में 90 प्रतिशत तक पहुँची है। संस्थागत प्रसवों में वृद्धि हुई है तथा कुपोषण एवं एनीमिया के मामलों में कमी दर्ज की गई है।
कार्यक्रम के दौरान संपूर्णता अभियान 2.0 को समयबद्ध पूर्ण करने की शपथ दिलाई गई तथा छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गई । इस अवसर पर विभागों द्वारा स्टॉल्स की प्रदर्शनी लगायी गई । सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रचार साहित्य का वितरण भी किया गया।
इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह तोमर, एसडीएम गंगापुर सिटी बृजेन्द्र मीना, एसडीएम वजीरपुर, नगर परिषद सभापति शिवरतन अग्रवाल, प्रधान पंचायत समिति गंगापुर सिटी मंजू गुर्जर, नीति आयोग आशान्वित ब्लॉक फैलो, सम्बन्धित विभाग के जिला एवं ब्लॉक अधिकारी, ग्राम पंचायत प्रशासक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Janta Ka Sach News