
*मगहर महोत्सव–2026 की पहली रात भक्ति रस में डूबी, अनूप जलोटा के भजनों पर झूमे श्रोता जिला संवाददाता अर्जुन सिंह संत कबीर नगर*
✍️
संतकबीरनगर।
मगहर महोत्सव–2026 की पहली रात आयोजित भजन संध्या में पद्मश्री एवं अंतर्राष्ट्रीय भजन सम्राट अनूप जलोटा ने अपने सुमधुर भजनों से श्रोताओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। लगभग तीन घंटे तक चले इस भव्य कार्यक्रम में उन्होंने सद्गुरु कबीर के सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और मानवता के संदेश को गीतों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत अनूप जलोटा ने अपने प्रिय भजन “ऐसी लागी लगन मीरा हो गई मगन” से की। इसके बाद “राम नारायणं, जानकी सुंदरम”, “मेरी झोपड़ी के भाग्य आज खुल जाएंगे”, “राम आएंगे”, “कौन कहता है भगवान सोते नहीं”, “इतनी शक्ति हमें देना दाता”, “चदरिया झीनी रे झीनी” और “मन में राम, तन में राम” जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे पंडाल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में अनूप जलोटा ने ग़ज़लों की प्रस्तुति देकर माहौल में नया रंग भर दिया। “तुम इतना जो मुस्कुरा रहे हो”, “मन लागो या फकीरी में” और “चिट्ठी आई है” जैसी ग़ज़लों पर श्रोता देर तक तालियां बजाते रहे।
इससे पूर्व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धनघटा विधायक गणेश चंद्र चौहान का एसडीएम न्यायिक एवं महोत्सव समिति द्वारा अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। अपने संबोधन में विधायक गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि यदि सद्गुरु कबीर के उपदेशों को जीवन में उतार लिया जाए तो मानव जीवन धन्य हो सकता है। कबीर ने धर्म, जाति और संप्रदाय से ऊपर उठकर मानवता का संदेश दिया। उनका दर्शन भेदभाव नहीं, बल्कि आपसी सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने महोत्सव की तिथियों में हुए बदलाव को इसके प्रभाव में कमी का एक कारण भी बताया।
भजन संध्या के दौरान पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना से ओत-प्रोत नजर आया।
इस अवसर पर एसडीएम सदर अरुण कुमार,नगर पंचायत मगहर अध्यक्ष प्रतिनिधि नूरज़्जमा अंसारी भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमर राय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


