
*युवाओं को बजट प्रक्रिया से जोड़ने की पहल: ‘माय भारत बजट क्वेस्ट–2026’ की शुरुआत
चयनित युवाओं को प्रधानमंत्री से वर्चुअल संवाद का मिलेगा अवसर
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर,31 जनवरी।युवाओं को देश की अर्थव्यवस्था, वित्तीय साक्षरता और बजट प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा ‘माय भारत बजट क्वेस्ट–2026’ की शुरुआत की गई है। इस पहल का उद्देश्य 1 फरवरी को प्रस्तुत होने वाले केंद्रीय बजट–2026 की जन-समझ को बढ़ाना तथा बजट को नागरिकों, विशेषकर युवाओं के लिए अधिक सरल और सुलभ बनाना है। इस अभिनव प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित युवाओं को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के साथ बजट पर वर्चुअल संवाद करने का अद्वितीय अवसर प्राप्त होगा।
माय भारत जिला युवा अधिकारी हर्षित खंडेलवाल ने बताया कि यह प्रतियोगिता माय भारत पोर्टल पर तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण में राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन क्विज़ 3 से 17 फरवरी तक आयोजित होगी। द्वितीय चरण में क्विज़ के शीर्ष स्कोरर युवाओं का राज्य स्तर पर निबंध प्रतियोगिता के लिए चयन किया जाएगा। तृतीय चरण में राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश स्तर पर चयनित विजेताओं को प्रधानमंत्री के साथ बजट पर संवाद का गौरवपूर्ण अवसर प्रदान किया जाएगा।
इच्छुक युवा MY Bharat पोर्टल mybharat.gov.in/quiz पर पंजीकरण कर ‘माय भारत बजट क्वेस्ट–2026’ में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी हेतु युवा जिला माय भारत केंद्र से संपर्क कर सकते हैं अथवा माय भारत टोल-फ्री नंबर 18002122729 पर मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।


