
*द कानपुर रिपोर्टर अपडेट*
*भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष आज कानपुर में: अवैध होर्डिंग से पटा शहर, रोड शो रूट पर भारी जाम को रहिए तैयार*
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पंकज चौधरी पहली बार कानपुर पहुंच रहे हैं। उनके स्वागत को लेकर पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। पंकज चौधरी का रोड शो जाजमऊ से शुरू होकर करीब 20 किलोमीटर का सफर तय करते हुए लगभग तीन घंटे बाद छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJM यूनिवर्सिटी) में समाप्त होगा।
जाजमऊ से लेकर कानपुर यूनिवर्सिटी तक सड़कों के किनारे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हजारों होर्डिंग और बैनर लगाकर प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया है। भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड के क्षेत्रीय प्रवक्ता अनूप अवस्थी ने बताया कि पंकज चौधरी के स्वागत के लिए अनोखी और भव्य तैयारियां की गई हैं। जल, थल और वायु—तीनों माध्यमों से स्वागत की योजना बनाई गई है।
जाजमऊ पहुंचते ही गंगा में नावों पर सवार कार्यकर्ता भगवा गैस गुब्बारे आसमान में छोड़कर उनका स्वागत करेंगे। यह आयोजन भाजपा मछुआरा प्रकोष्ठ की ओर से किया जा रहा है। इसके साथ ही ड्रोन के जरिए पुष्प वर्षा की जाएगी। सड़क किनारे हजारों भाजपा कार्यकर्ता हाथों में पार्टी की पताका लेकर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करेंगे।
भाजपा किसान मोर्चा दक्षिण के जिला अध्यक्ष हर्ष प्रताप सिंह ने बताया कि पंकज चौधरी के आगमन पर बुलडोजरों के जरिए फूल बरसाए जाएंगे। कानपुर दक्षिण किसान मोर्चा छह बुलडोजर लेकर जाजमऊ पहुंच चुका है। इस अनूठे स्वागत को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर जुटने लगे हैं।


