
*तेंदुए के हमले में किशोरी की मौत, जिलाधिकारी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, परिजनों को दिया सहायता का आश्वासन*
महराजगंज | 21 जनवरी 2026
निचलौल तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बढ़या के टोला गेठीहवा में तेंदुए के हमले की दुखद घटना के बाद जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने बुधवार को घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और शासन से नियमानुसार दुर्घटना सहायता राशि दिलाए जाने का आश्वासन दिया।
ज्ञात हो कि ग्राम निवासी आबिद अली की पुत्री सैरून निशा की गन्ने के खेत में तेंदुए के हमले में असमय मृत्यु हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में भय और शोक का माहौल है।
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित ग्रामों में गठित सुरक्षा समितियों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। साथ ही वन्य जीवों से बचाव हेतु सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने, ढोल-नगाड़ों एवं पटाखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जंगल के आसपास ट्रैप कैमरे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग को स्पष्ट रूप से रणनीति बनाकर तेंदुए को शीघ्र पकड़ने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की कि रात्रि के समय सभी परिवार अपने घरों के दरवाजे बंद रखें, पालतू पशुओं को सुरक्षित बाड़ों में रखें और जंगल के पास अकेले रात में न जाएँ। उन्होंने कहा कि झाड़ियों, गन्ने अथवा लंबी फसलों में बिना देखे न घुसें और बच्चों को जंगल की ओर अकेले न जाने दें।
उन्होंने यह भी सलाह दी कि लोग समूह में चलें, रात के समय टॉर्च, लाठी और मोबाइल साथ रखें। यदि कोई जंगली जानवर दिखाई दे तो शांत रहें और तुरंत गांव या वन विभाग को सूचना दें। सुरक्षा के लिए सीटी, टॉर्च, ढोल व अलार्म का प्रयोग करें तथा शौच, खेत या स्कूल जाने के लिए खुले, साफ और रोशनी वाले रास्तों का चयन करें।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) निरंजन सुर्वे, उपजिलाधिकारी निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


