
मनरेगा में बड़ा फर्जीवाड़ा! फुलवरिया ग्राम सभा में कागजों पर कबीर नगर रिपोर्टर अमृत कुमार पाण्डेय जनता का सच जनपद के शाथा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा फुलवरिया में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है। सरकारी अभिलेखों में जहां मास्टर रोल पर 99 मजदूरों के कार्य करने की पुष्टि दिखाई जा रही है, वहीं धरातल पर मात्र 20 मजदूर ही कार्य करते हुए पाए गए।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मास्टर रोल में उन्हीं सीमित मजदूरों की तस्वीरें अलग-अलग एंगल और समय बताकर बार-बार अपलोड की जा रही हैं, ताकि कागजों में मजदूरों की संख्या पूरी दिखाई जा सके। मौके पर निरीक्षण के दौरान अधिकांश नामित मजदूर कार्यस्थल पर मौजूद नहीं मिले, जिससे फर्जी हाजिरी और सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका और गहरी हो गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह पूरा खेल जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से चल रहा है। बार-बार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे भ्रष्टाचार को खुला संरक्षण मिलने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों ने जिला प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तथा मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है। यदि समय रहते जांच नहीं हुई, तो यह मामला सरकारी धन की खुली लूट का बड़ा उदाहरण बन सकता है।


