Advertisement

जिले में 23 जनवरी से गिरदावर सर्किल स्तर पर आयोजित होंगे ग्राम उत्थान शिविर , किसानों–पशुपालकों तक पहुँचेगी योजनाओं की सीधी सौगात


जिले में 23 जनवरी से गिरदावर सर्किल स्तर पर आयोजित होंगे ग्राम उत्थान शिविर , किसानों–पशुपालकों तक पहुँचेगी योजनाओं की सीधी सौगात
22 जनवरी को ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा
जिला कलक्टर काना राम ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट दिशा-निर्देश
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 20 जनवरी।
‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 (GRAM)’ के सफल आयोजन एवं योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव स्तर पर जारी दिशा-निर्देशों की प्रभावी पालना तथा जिले में समयबद्ध तैयारियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
जिला कलक्टर ने बताया कि 23 जनवरी (बसंत पंचमी) से गिरदावर सर्किल स्तर पर एक दिवसीय विशेष ग्राम उत्थान शिविर आयोजित किए जाएंगे। ये शिविर 23, 24, 25 एवं 31 जनवरी तथा 1, 5, 6, 7, 8 और 9 फरवरी को दो चरणों में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होंगे। शिविरों का उद्देश्य कृषकों एवं पशुपालकों को एक ही स्थान पर कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं का सीधा, त्वरित और पारदर्शी लाभ उपलब्ध कराना है।

*22 जनवरी को ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा*
बैठक में बताया गया कि शिविरों की पूर्व तैयारी के तहत 22 जनवरी को समस्त ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को शिविरों की तिथियों, स्थानों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक किसान एवं पशुपालक सहभागिता कर सकें।

*किसानों के लिए योजनाओं का एकीकृत लाभ : -* जिला कलक्टर ने बताया कि शिविरों में वीबी-जीरामजी (विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) गारंटी अधिनियम-2025 के तहत आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव लिए जाएंगे। साथ ही कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा तारबंदी, डिग्गी, पाइपलाइन, फार्म पॉण्ड, फव्वारा एवं ड्रिप, प्लास्टिक मल्च, सौर पंप संयंत्र की स्वीकृतियां, बैलों से खेती करने पर 30 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि, फसल बीमा एवं एमएसपी की जानकारी, आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन, सॉइल हेल्थ कार्ड वितरण, सोलर पंप एवं पॉलीहाउस के आवेदन तैयार करने सहित बीज एवं मिनी किट वितरण का सत्यापन किया जाएगा।

कृषि विपणन विभाग द्वारा पीएमएफएमई के आवेदन तैयार करना, मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना के आवेदनों का निस्तारण तथा किसान विश्राम स्थल निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। सहकारिता विभाग द्वारा 23 जनवरी को मुख्यमंत्री किसान निधि का डीबीटी, किसान क्रेडिट कार्ड आवेदन, एनसीओएल एवं एनसीईएल सदस्यता, नवीन गोदाम निर्माण, सहकारी बैंक खाते, स्वयं सहायता समूहों के ऋण, 5 प्रतिशत ब्याज अनुदान योजना एवं कस्टम हायरिंग सेंटर से संबंधित कार्य किए जाएंगे।

पशुपालन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना अंतर्गत पंजीकरण, पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, पशु आहार एवं खनिज मिश्रण वितरण तथा गौशाला विकास योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

डेयरी (आरसीडीएफ) विभाग द्वारा पीडीसीएस/डीसीएस पंजीयन, नवीन सदस्यता, सरस बूथ एवं मार्ट आवंटन तथा सहकारी ऋण से संबंधित कार्य किए जाएंगे। मत्स्य विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का प्रचार-प्रसार एवं फार्म पॉण्ड में मछली पालन की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत गृह प्रवेश एवं चाबी सुपुर्दगी, वीबी-ग्राम-जी अभियान तथा दीनदयाल उपाध्याय योजना के सर्वे कार्य पूर्ण किए जाएंगे। पंचायती राज विभाग द्वारा 22 जनवरी को ग्राम सभाओं का आयोजन, स्वामित्व कार्ड वितरण एवं अनुपयोगी विद्यालय भवनों में नवीन ग्राम पंचायत कार्यालय प्रारम्भ किए जाएंगे।

आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा एसडीआरएफ की शेष अनुदान राशि का डीबीटी, उद्योग विभाग द्वारा युवा स्वरोजगार योजनाओं के आवेदन तथा जल संसाधन विभाग द्वारा डब्ल्यूयूए को सक्रिय करने, वंदे गंगा संरक्षण अभियान एवं नहरों की मरम्मत आवश्यकताओं का चिन्हीकरण किया जाएगा। ऊर्जा विभाग द्वारा पीएम सूर्य घर योजना अंतर्गत पंजीकरण किए जाएंगे।

बसंत पंचमी के अवसर पर 23 जनवरी को आयोजित प्रथम शिविर में सहकारिता विभाग द्वारा मुख्यमंत्री किसान निधि का डीबीटी एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित करते हुए किया जाएगा।
जिला कलक्टर ने कहा कि GRAM-2026 केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि किसानों को आधुनिक तकनीक, योजनाओं और बाजार से जोड़ने का सशक्त मंच है। अतः ग्राम स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र कृषक या पशुपालक लाभ से वंचित न रहे।
जिला कलक्टर ने सभी संबंधित विभागों के क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने गिरदावर सर्किल की समस्त ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। बैठक में संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Janta Ka Sach News