Advertisement

कुशालगढ़ चौराहे का नामकरण की मांग को लेकर एडीएम को सौंपा ज्ञापन


कुशालगढ़ चौराहे का नामकरण की मांग
को लेकर एडीएम को सौंपा ज्ञापन
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
गंगापुर सिटी। कुशालगढ़ क्लब की ओर से अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुदर्शन तोमर को एक ज्ञापन सौंपकर उदेई मोड़ चौराहे का नाम “कुशालगढ़ चौराहा” तथा वहां से बाबा श्याम मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग का नाम “कुशालगढ़ मार्ग” रखने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि गंगापुर सिटी का कुशालगढ़ क्षेत्र ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण धरोहर है। कुशालगढ़ नाम आज केवल राजस्थान ही नहीं बल्कि मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और गुजरात सहित कई राज्यों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है, जिसमें कुशालगढ़ क्लब का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
क्लब प्रतिनिधियों ने बताया कि उदेई मोड़ चौराहा शहर का प्रमुख बिंदु है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। इसी चौराहे से बाबा श्याम मंदिर को जाने वाला मार्ग जुड़ा हुआ है, जो श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है। ऐसे में कुशालगढ़ की विरासत को संरक्षित करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे यादगार बनाने हेतु चौराहे एवं मार्ग का नामकरण आवश्यक है।
कुशालगढ़ क्लब ने वर्षों से शहर में संस्कृति, शिक्षा, खेल और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते हुए शहर की पहचान को सशक्त बनाने का प्रयास किया है। क्लब का कहना है कि यह नामकरण निर्णय जनभावना के अनुरूप होगा और स्थानीय नागरिकों के सम्मान को भी बढ़ाएगा।
अंत में क्लब की ओर से प्रशासन से मांग पर सकारात्मक विचार कर शीघ्र निर्णय लेने का विनम्र अनुरोध किया गया। इस अवसर पर कुशालगढ़ क्लब चेयरमेन लक्ष्मी कांत शर्मा, संरक्षक राधा मोहन अग्रवाल, पुरुषोत्तम प्रजापत सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Janta Ka Sach News