
जनता का सच। संत कबीर नगर | पौली ब्लॉक | ग्राम सभा लौकिया
फर्जी मास्टर रोल का खेल उजागर, मनरेगा में बड़े घोटाले के आरोप
संत कबीर नगर जिले के पौली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा लौकिया में मनरेगा योजना के तहत फर्जी मास्टर रोल चलाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार मास्टर रोल में 38 मजदूरों के नाम दर्ज किए गए हैं, जबकि मौके पर जांच के दौरान केवल 15 मजदूर ही कार्य करते हुए पाए गए। शेष मजदूरों का कोई अस्तित्व धरातल पर नहीं मिला।
ग्रामीणों का आरोप है कि कागजों में मजदूर दिखाकर सरकारी धन की बंदरबांट की जा रही है। यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी इस पूरे मामले से अवगत होते हुए भी मौन साधे हुए हैं, जिससे भ्रष्टाचार को खुला संरक्षण मिल रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद न तो कार्य की सही जांच कराई जा रही है और न ही जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई हो रही है। इससे गांव में रोष और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
अब सवाल यह उठता है कि मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना में इस तरह की अनियमितताओं पर प्रशासन कब जागेगा, और क्या जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।


