
*खिचड़ी मेले में अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था, ड्रोन व सीसीटीवी से हर गतिविधि पर पैनी नजर*
महाराजगंज। मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर थाना चौक अंतर्गत गोरखनाथ मंदिर में आयोजित खिचड़ी मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता और व्यापक इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे मेला क्षेत्र को अभेद्य सुरक्षा घेरे में रखा गया है।
खिचड़ी मेले के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा सोमवार को मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात प्रबंधन की तैयारियों का गहनता से जायजा लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवाजाही और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के निर्देशन में मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र एवं आसपास के प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, वहीं संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से भी मजबूत किया गया है। मंदिर परिसर के भीतर 35 तथा बाहर 65 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी लगातार पुलिस कंट्रोल रूम से की जा रही है। इसके अतिरिक्त दो ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र, पार्किंग स्थलों और आवागमन मार्गों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की भी पर्याप्त तैनाती की गई है।
भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए मंदिर से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर आठ स्थानों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से वाहनों को दूर रखने के उद्देश्य से रूट डायवर्जन लागू किया गया है। बड़ी गाड़ियों को झांझनपुर चौराहे से थाना सिंदुरिया होते हुए निचलौल की ओर भेजा जा रहा है, जिससे नगर क्षेत्र में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति, सहयोग और अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि वे पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि खिचड़ी मेले का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


