Advertisement

*स्वामी विवेकानंद की जयंती पर परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज में धूमधाम से मना राष्ट्रीय युवा दिवस*

*स्वामी विवेकानंद की जयंती पर परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज में धूमधाम से मना राष्ट्रीय युवा दिवस*

आनंद नगर (महराजगंज)।
परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज, आनंद नगर, महराजगंज में स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक भारतीय एवं शिक्षा विभाग के संरक्षक राम नगीना सिंह द्वारा स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. अशोक भारतीय ने कहा कि देश में प्रत्येक वर्ष 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई जाती है। स्वामी विवेकानंद ने अपने विचारों से न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व को धर्म, मानवता और कर्म का सच्चा अर्थ समझाया। राष्ट्रीय युवा दिवस मनाने का उद्देश्य युवाओं को उनके प्रेरणादायक विचारों और आदर्शों से परिचित कराना है।
बीएड विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. यशवंत सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं और दर्शन को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उनके प्रेरक वाक्य “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्त होने तक मत रुको” आज भी युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
राजनीति विज्ञान के प्रवक्ता डॉ. सतीश ने स्वामी विवेकानंद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 12 जनवरी 1863 को हुआ था और उनका बचपन का नाम नरेंद्रनाथ दत्त था। उन्होंने रामकृष्ण मठ एवं मिशन की स्थापना की और 1893 में शिकागो के विश्व धर्म संसद में दिए गए ऐतिहासिक भाषण से वे विश्व प्रसिद्ध हुए। उन्होंने वेदांत और भारतीय संस्कृति का प्रचार पूरी दुनिया में किया।
कार्यालय अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने कहा कि शिकागो में दिए गए स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक भाषण की शुरुआत “अमेरिका के भाइयों और बहनों” शब्दों से हुई थी, जिसने श्रोताओं का हृदय जीत लिया और भारत की महान सांस्कृतिक विरासत को विश्व पटल पर स्थापित किया।
कार्यक्रम का संचालन बीएड प्रवक्ता मुरलीधर जायसवाल ने किया।
कार्यक्रम में डॉ. सत्य प्रकाश मौर्य, दुर्गेश सिंह, श्रीदयाल वर्मा, आयुष सिंह, कौशलेंद्र प्रताप सिंह, अश्वनी सिंह, जमुना निषाद, राजेश सिंह, अजय कुमार पांडे, दुर्गेश यादव, बैजनाथ चौरसिया, रक्षा, चंद्रबली सहित अनेक प्रवक्ता, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

‎*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*

Janta Ka Sach News