

📰* बहू–बेटी सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक*
मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत ग्राम अशोक नगर में आयोजन
महराजगंज | 11 जनवरी 2026
थाना फरेंदा क्षेत्र के ग्राम अशोक नगर में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत बहू–बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम की सदस्य महिला आरक्षी दीपिका मिश्रा, PRD मेनका गिरी, PRD सुनीता यादव एवं PRD निशा उपस्थित रहीं। साथ ही आशा कार्यकर्ता मालती देवी भी आयोजन में शामिल रहीं। टीम द्वारा ग्राम की महिलाओं और किशोरियों से संवाद कर उन्हें समाज में हो रहे महिला संबंधित अपराधों जैसे छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, बलात्कार आदि के बारे में जानकारी दी गई तथा उनसे निपटने के उपाय बताए गए।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 102, 181 एवं साइबर हेल्पलाइन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ जैसी सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। सम्मेलन के दौरान यह भी बताया गया कि लड़कियों के घर से बाहर निकलने, पढ़ाई या कार्यस्थल पर जाने के दौरान सतर्कता एवं जागरूकता कितनी आवश्यक है और जागरूकता के अभाव से किस प्रकार सामाजिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
फीडबैक में महिलाओं ने बताया कि इस प्रकार गांव में आकर किए गए आयोजन से उन्हें अपनी समस्याएं खुलकर बताने में सहजता मिलती है। महिलाओं और बच्चियों ने मिशन शक्ति टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम उन्हें सुरक्षा, आत्मविश्वास और अधिकारों के प्रति जागरूक बनाते हैं।
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


