
संपर्क पोर्टल पर सवाई माधोपुर का शानदार प्रदर्शन
जन-शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण में प्रदेश में तीसरा स्थान
जनता का सच
स्टेट ब्युरो राधामोहन अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 3 जनवरी। आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए राज्य सरकार की महत्वपूर्ण ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली राजस्थान सम्पर्क (Rajasthan Sampark) पोर्टल पर सवाई माधोपुर जिले ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दिसंबर 2025 माह में प्रदेश स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जिले में संवेदनशील कार्यसंस्कृति, जन-केन्द्रित प्रशासन तथा सतत निगरानी व्यवस्था को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित करती है।
राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर जिलों की यह रैंकिंग कुल पंजीकृत शिकायतों, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, निस्तारण प्रतिशत, नागरिक संतुष्टि स्तर तथा औसत निस्तारण समय जैसे महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर निर्धारित की जाती है। दिसम्बर 2025 में सवाई माधोपुर जिले में कुल 13,122 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 8,892 शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया। इस प्रकार जिले का निस्तारण प्रतिशत 67.76 प्रतिशत, नागरिक संतुष्टि स्तर 66.9 प्रतिशत तथा औसत निस्तारण समय मात्र 10 दिन रहा, जो प्रदेश के अनेक जिलों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है। बीते माह जिले का पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का औसत निस्तारण समय श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राजसमन्द जिले से भी बेहतर रहा, जहां शिकायतों के निस्तारण का औसत समय 13 दिन रहा है।
सवाई माधोपुर जिले में अप्रैल से दिसम्बर 2025 की अवधि में राजस्थान सम्पर्क पर सवाई माधोपुर जिले से सम्बंधित कुल 84,630 प्रकरण/शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 81,015 प्रकरणों का सफलता पूर्वक निस्तारण कर दिया गया। इस अवधि में शिकायतों का निस्तारण प्रतिशत 98.72 प्रतिशत, नागरिक संतुष्टि स्तर 66 प्रतिशत तथा औसत निस्तारण समय मात्र 13 दिन रहा है।
*निरंतर मॉनिटरिंग एवं बेहतर विभागीय समन्वय का परिणाम:-* जिला कलक्टर काना राम ने इस उपलब्धि पर जिले के सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता प्रत्येक शिकायत को जन-समस्या मानकर प्राथमिकता से निस्तारित करने की प्रतिबद्धता, समयबद्ध कार्यवाही, बेहतरीन विभागीय समन्वय तथा नियमित समीक्षा बैठकों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक परिवाद को गंभीरता से लेकर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया गया, जिससे आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है।
*पूर्व में भी उपलब्धियों की मजबूत परंपरा:-* गौरतलब है कि सवाई माधोपुर जिला पूर्व में भी संपर्क पोर्टल पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करता रहा है। पूर्व वर्षों में जिले ने निरंतर सुधार करते हुए प्रदेश स्तर पर श्रेष्ठ स्थान अर्जित किए हैं। पहले लंबित परिवादों की अधिक संख्या वाले जिले से निरंतर समीक्षा, समाधान शिविरों, जनसुनवाई तथा विभागीय स्तर पर प्रभावी मॉनिटरिंग के माध्यम से सवाई माधोपुर ने सम्पर्क पोर्टल को वास्तविक अर्थों में जन-सेवा का सशक्त माध्यम बनाया है। लगातार बेहतर रैंकिंग इस बात का प्रमाण है कि जिले में शिकायत निस्तारण अब केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि परिणामोन्मुख एवं जवाबदेह प्रशासनिक संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बन चुका है।
*आगे भी सुधार की दिशा में सतत प्रयास:-* जिला कलक्टर ने बताया कि आने वाले समय में जिले का लक्ष्य शिकायतों के शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, नागरिक संतुष्टि स्तर में और वृद्धि तथा औसत निस्तारण समय को और कम करना रहेगा। इसके लिए सभी विभागों को और अधिक संवेदनशीलता, तत्परता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
*आमजन से अपील*
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं, सुझावों एवं शिकायतों के समाधान हेतु राजस्थान सम्पर्क (Rajasthan Sampark) पोर्टल अथवा 181 हेल्पलाइन का अधिकाधिक उपयोग करें। इससे न केवल उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित होगा, बल्कि पारदर्शी, जवाबदेह एवं जन-विश्वास आधारित प्रशासन की दिशा में सवाई माधोपुर जिला निरंतर प्रगति करता रहेगा।
—0—


