
*जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश, जनपद भर में चला प्लास्टिक मुक्त अभियान*
महराजगंज, 04 जनवरी 2026।
पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन के निर्देशानुसार रविवार को जनपद महराजगंज में सार्वजनिक स्थलों पर प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छता अभियान का व्यापक आयोजन किया गया। अभियान का नेतृत्व जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने किया।
जिला मुख्यालय स्थित लोहिया पार्क में अभियान का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने रिक्रूट आरक्षियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्वयं झाड़ू लगाकर पार्क की सफाई की तथा प्लास्टिक कचरे का संग्रहण किया। इस दौरान रिक्रूट आरक्षियों सहित पुलिस कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाना तथा आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इसी क्रम में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों द्वारा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार, सड़कें, पार्क सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। विभिन्न स्थानों से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक कचरा एवं अन्य अपशिष्ट एकत्र कर उसका निस्तारण किया गया।
अभियान के दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि जीवनशैली है। महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए सभी को मिलकर सतत प्रयास करना होगा।
वहीं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने कहा कि पुलिस जनता की सेवा और सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करती है। ऐसे अभियानों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
अभियान का समापन जनपदवासियों से स्वच्छता बनाए रखने एवं प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने की अपील के साथ किया गया। प्रशासन द्वारा इस प्रकार के जागरूकता अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया गया है।
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


