Advertisement

एसआर इंटरनेशनल एकेडमी खेल महोत्सव का भव्य समापन, रेड हाउस बना ओवरऑल चैंपियन


एसआर इंटरनेशनल एकेडमी खेल महोत्सव का भव्य समापन, रेड हाउस बना ओवरऑल चैंपियन

ग्रामीण अंचल के नौनिहालों की प्रतिभा संस्थान की गुणवत्ता का प्रमाण – जय चौबे

बच्चों की सफलता में संसाधनों की नहीं आने दी जाएगी कमी – राकेश चतुर्वेदी

छात्राओं ने भी खेल प्रतिभा से किया सबको प्रभावित – शिखा चतुर्वेदी

जिला संवाददाता अजय मिश्रा!
जिले के दक्षिणांचल क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान एसआर इंटरनेशनल एकेडमी, नाथनगर में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव का शनिवार को भव्य और हर्षोल्लासपूर्ण समापन हुआ। कड़े मुकाबलों, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर रेड हाउस की टीम ने ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
खेल महोत्सव के दौरान एथलेटिक्स, वॉलीबाल, कबड्डी, बैडमिंटन, क्रिकेट, टैग ऑफ वॉर सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह, खेल भावना और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि खलीलाबाद सदर के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे रहे। विशिष्ट अतिथियों में एसआर इंटरनेशनल एकेडमी के मैनेजिंग डायरेक्टर राकेश चतुर्वेदी, राजन इंटरनेशनल एकेडमी बस्ती की एमडी शिखा चतुर्वेदी, असिस्टेंट डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय एवं पीजी कॉलेज के प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय शामिल रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जय चौबे ने कहा कि ग्रामीण अंचल में स्थित इस संस्थान के नौनिहालों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। शिक्षकों द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु किया जा रहा समर्पित प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलों में बच्चों की सक्रिय भागीदारी उन्हें जीवन में सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक बनेगी। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की यह प्रतिभा संस्थान की गुणवत्ता का प्रमाण है।
एसआर ग्रुप के चेयरमैन राकेश चतुर्वेदी ने कहा कि संस्थान बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने अभिभावकों से शिक्षकों के प्रयासों में सहयोग की अपील करते हुए आश्वस्त किया कि बच्चों को सफलता की बुलंदी तक पहुंचाने में संसाधनों की किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
वहीं शिखा चतुर्वेदी ने कहा कि इस खेल महोत्सव में छात्राओं ने भी जिस आत्मविश्वास और जोश के साथ प्रदर्शन किया, वह अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
सीनियर क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में रेड हाउस ने ग्रीन हाउस को पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के समापन पर प्रबंधन तंत्र द्वारा शिक्षकों, वाहन चालकों, सह चालकों एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
इस मौके पर राजन चतुर्वेदी, दिव्येश चतुर्वेदी, रजत चतुर्वेदी, मायाराम पाठक, निहालचंद्र पांडेय, अजय मिश्र, रत्नेश मिश्र, प्रेम प्रकाश पांडेय, कृष्णानंद मिश्र, अजय राय, एसएन शुक्ला, महेंद्र चौधरी, धर्मेंद्र चौरसिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Janta Ka Sach News