
*जिलाधिकारी ने सरदार वल्लभभाई पटेल इंटर कॉलेज में अभ्युदय योजना के अंतर्गत नीट–जेईई कक्षाओं का किया शुभारंभ।*
महराजगंज, 29 दिसंबर 2025, जनपद में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण कोचिंग उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने पुलिस अधीक्षक श्री सोमेंद्र मीना एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री महेंद्र कुमार सिंह के साथ सरदार वल्लभभाई पटेल इंटर कॉलेज में अभ्युदय योजना के अंतर्गत नीट–जेईई कक्षाओं का शुभारंभ किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है। असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूसरों से बेहतर बनने की प्रतिस्पर्धा करने के बजाय निरंतर स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास करें, इससे निरंतर प्रगति सुनिश्चित होगी। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल एवं सोशल मीडिया के अनावश्यक प्रयोग से बचते हुए अध्ययन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सलाह द जिलाधिकारी ने कहा कि अभ्युदय योजना जैसे मंच विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन, संसाधन एवं दिशा प्रदान करते हैं। प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवनस्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों के लिए अभ्युदय योजना प्रारंभ की गई है, ताकि वे कोचिंग के अभाव में अपने सपनों से वंचित न रहें।
उन्होंने बताया कि पहले यह योजना सिविल सेवा परीक्षाओं तक सीमित थी, जिसे अब नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं तक विस्तारित किया गया है। इन कक्षाओं में बेहतर शिक्षक, गुणवत्तापूर्ण पठन सामग्री, नियमित मॉक टेस्ट, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास तथा कमजोर विषयों पर विशेष मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। नीट–जेईई की अभ्युदय कक्षाएं सरदार वल्लभभाई पटेल इंटर कॉलेज में संचालित होंगी और जनपद का कोई भी इच्छुक विद्यार्थी इसका लाभ ले सकता हैं पुलिस अधीक्षक श्री सोमेंद्र मीना ने कहा कि अभ्युदय योजना विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए एक मजबूत मंच प्रदान कर रही है। इस योजना के माध्यम से नीट एवं जेईई की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे वे अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकेंगे। पहले बच्चों को कोचिंग के लिए बाहर जाना पड़ता था और काफी पैसा खर्च करना पड़ता था। लेकिन अब सरकार मुफ्त में आपके शहर में ही इस सुविधा को उपलब्ध करा रही है। मुख्य विकास अधिकारी श्री महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुसार अभ्युदय योजना का विस्तार नीट–जेईई तक किया गया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को दक्ष एवं कुशल शिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा और वे अपने सपनों को साकार करेंगे। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अभ्युदय योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं देवी सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री कर्मवीर पटेल ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी श्री बी.एन. कन्नौजिया, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री पी.के. शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री विपिन कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।


