Advertisement

अपर पुलिस अधीक्षक महोदय नगर द्वारा थाना दरगाह शरीफ, जनपद बहराइच का अर्धवार्षिक निरीक्षण कर दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश एवं चौकीदारों को वितरित किये गये कंबल*


– *अपर पुलिस अधीक्षक महोदय नगर द्वारा थाना दरगाह शरीफ, जनपद बहराइच का अर्धवार्षिक निरीक्षण कर दिये गये आवश्यक दिशा निर्देश एवं चौकीदारों को वितरित किये गये कंबल*

*ब्यरो रिपोर्ट मोहम्मद इस्लाम साप्ताहिक समाचार पत्र जनता का सच*
आज दिनांक 29.12.2025 को अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अशोक कुमार सिंह द्वारा थाना दरगाह शरीफ, जनपद बहराइच का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महोदय द्वारा थाना परिसर में सलामी ग्रहण की गई, तत्पश्चात थाना परिसर का भ्रमण कर निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर थाना भवन, आरक्षी/महिला आरक्षी बैरक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए साफ-सफाई बनाए रखने तथा आवश्यक मरम्मत एवं रख-रखाव कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया।

महोदय द्वारा थाना कार्यालय, विभिन्न अभिलेखों/रजिस्टरों, विवेचना कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, हवालात, मेस एवं सीसीटीएनएस शाखा आदि का गहन निरीक्षण किया गया। महिला हेल्प डेस्क पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों को विधिवत रजिस्टर में अंकित कर नियमानुसार त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा पीड़ितों से नियमित फीडबैक प्राप्त करने के निर्देश प्रभारी निरीक्षक को दिए गए। साथ ही महिला आगंतुकों की सुविधा हेतु पेयजल, शौचालय एवं बैठने की समुचित व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

मालखाना निरीक्षण के दौरान शस्त्र-अस्त्र, एम्यूनिशन एवं अन्य सरकारी संपत्ति का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। एक्सपायरी एम्यूनिशन को नियमानुसार प्रतिस्थापित कराने, शस्त्रों की हिस्ट्री शीट अद्यतन रखने तथा मालखाना अभिलेखों को सुव्यवस्थित एवं अद्यावधिक रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। थाने पर जब्त खड़े वाहनों का भी निरीक्षण किया गया तथा उनके संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी निरीक्षक एवं समस्त उपनिरीक्षकों को विवेचनाओं का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। गंभीर अपराधों में प्रगति लाने तथा लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने पर विशेष जोर दिया गया।

निरीक्षण के उपरांत अपर पुलिस अधीक्षक नगर महोदय द्वारा थाना क्षेत्र के चौकीदारों को शीत ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए कंबल वितरित किए गए एवं उन्हें अपने कर्तव्यों का निष्ठा, सतर्कता एवं ईमानदारी से निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया गया।

थाना परिसर की समग्र साफ-सफाई, अनुशासन, सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर श्री नारायण दत्त मिश्रा व थाने पर नियुक्त अधिकारी-कर्मचारीगण मौजूद रहे।

Janta Ka Sach News