
*महराजगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी: चोरी की बड़ी घटना का खुलासा, 10 लाख के आभूषण, नकदी व बाइक समेत शातिर अपराधी गिरफ्तार*
महराजगंज, 30 दिसंबर 2025।
जनपद महराजगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के नेतृत्व में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना घुघली पुलिस, एसओजी एवं स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की एक बड़ी घटना का सफल अनावरण किया गया है। इस दौरान शातिर व कुख्यात अपराधी को चोरी के आभूषण, नकदी एवं घटना में प्रयुक्त वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना घुघली क्षेत्र के ग्राम करौता उर्फ नेबुईया में हुई चोरी की घटना का खुलासा हुआ। इस संबंध में थाना घुघली पर मुकदमा अपराध संख्या 464/2025, धारा 305, 331(4), 317(2) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया था।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 30 दिसंबर 2025 को तड़के लगभग 02:20 बजे, मुखबिर की सूचना पर ग्राम गोपाला स्थित नहर पुलिया के पास से अभियुक्त उमेश साहनी पुत्र कतवारु साहनी, निवासी ग्राम महुअवा महुवई, थाना श्यामदेउरवा, जनपद महराजगंज (उम्र लगभग 30 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
घटना का विवरण:
दिनांक 15 नवंबर 2025 को पीड़िता अपने पिता के इलाज के लिए लखनऊ गई थी। लगभग एक माह बाद घर लौटने पर उसे घर में चोरी होने की जानकारी मिली, जिसके बाद 22 दिसंबर 2025 को अज्ञात के विरुद्ध तहरीर दी गई। पुलिस द्वारा त्वरित व व्यावसायिक विवेचना करते हुए घटना का सफल अनावरण किया गया।
बरामदगी:
अभियुक्त के कब्जे से कुल 22,500 रुपये नकद, लगभग 82 ग्राम सोना एवं 600 ग्राम चांदी (अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये) बरामद की गई। बरामद आभूषणों में हार, कंगन, झुमके, टॉप्स, अंगूठी, नाक की कील, करधनी, पायजेब, पायल, चांदी के सिक्के शामिल हैं। इसके अतिरिक्त घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल (UP56 U 6964) भी बरामद की गई।
अपराधी का आपराधिक इतिहास:
गिरफ्तार अभियुक्त उमेश साहनी एक कुख्यात व शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर एवं संतकबीरनगर जनपदों में चोरी, घरेलू चोरी, हत्या का प्रयास, अपहरण, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट एवं गुंडा एक्ट सहित 18 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम:
योगेश कुमार सिंह, प्रभारी एसओजी
कुंवर गौरव सिंह, थानाध्यक्ष घुघली
अखिलेश प्रताप सिंह, प्रभारी स्वाट टीम
दिलीप कुमार, उप निरीक्षक, थाना घुघली
सहित एसओजी, स्वाट एवं थाना घुघली के अन्य पुलिसकर्मी
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने संयुक्त टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध ऐसी प्रभावी कार्रवाइयाँ निरंतर जारी रहेंगी, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हो सके।
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


