Advertisement

*जिलाधिकारी ने जिला महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश*

*जिलाधिकारी ने जिला महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश*

महराजगंज, 29 दिसंबर 2025।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को जिला महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, जनरल वार्ड, इमरजेंसी वार्ड सहित विभिन्न कक्षों का गहन अवलोकन किया और अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उपचार की गुणवत्ता, चिकित्सकों एवं स्टाफ के व्यवहार तथा उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को समयबद्ध, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने नवजात शिशुओं एवं गर्भवती महिलाओं की देखभाल पर विशेष जोर देते हुए ठंड के मौसम को देखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डों में पर्याप्त कंबल, हीटर एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा अस्पताल परिसर में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान ओपीडी में कुल 82 मरीजों को देखा गया। ओपीडी में डॉ. रूपाली, डॉ. अरुण, डॉ. ज्योत्सना एवं डॉ. शालिनी द्वारा मरीजों का उपचार किया जा रहा था। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को मरीजों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार एवं समुचित परामर्श देने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मरीज पर बाहर से दवा लेने या जांच कराने का दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने अस्पताल के पांचवें तल पर निर्माणाधीन आईपीएचएल लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। आईपीएचएल लैब की अनुमानित लागत 99.99 लाख रुपये है।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने सीएमएस को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित कराई जाएं तथा ठंड को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं कर मरीजों एवं उनके परिजनों को राहत प्रदान की जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सीएमएस डॉ. ए.के. द्विवेदी, डॉ. ए.बी. त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*

Janta Ka Sach News