*भारत–नेपाल सीमा पर फर्जी भारतीय दस्तावेजों के साथ नेपाली महिला गिरफ्तार, हांगकांग जाने की थी तैयारी*
महराजगंज।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज सोमेन्द्र मीना के निर्देश पर भारत–नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सोनौली पुलिस एवं इमिग्रेशन टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्जी भारतीय दस्तावेजों के साथ एक नेपाली महिला नागरिक को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में दिनांक 27 दिसंबर 2025 को कस्बा सोनौली स्थित भारत–नेपाल सीमा पर इमिग्रेशन कार्यालय में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक नेपाली महिला को संदेह के आधार पर रोका गया। पूछताछ एवं अभिलेखों की गहन जांच में यह सामने आया कि महिला ने छलपूर्वक नाम बदलकर कूटरचित भारतीय दस्तावेज तैयार किए थे और उनका अनधिकृत रूप से प्रयोग कर रही थी।
जांच में यह भी तथ्य सामने आया कि नेपाल सरकार के निर्देशानुसार नेपाली महिला नागरिकों को घरेलू कार्य हेतु हांगकांग जाने की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद उक्त महिला अपने संपर्कों के माध्यम से फर्जी पहचान बनाकर हांगकांग जाने का प्रयास कर रही थी।
पूछताछ व तस्दीक के उपरांत महिला को थाना सोनौली लाया गया, जहां उसके विरुद्ध मु0अ0सं0 125/2025 धारा 318(2), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद अभियुक्ता को माननीय न्यायालय सदर, महराजगंज में प्रस्तुत किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्ता का विवरण:
शर्मीला लामा पुत्री कवांग दोजें लामा
निवासी – नया गांव देउपुर, जिला कावेरेपालन चौक, नेपाल राष्ट्र
(छलपूर्वक प्रयुक्त नाम – सोनिया श्रेष्ठा)
वर्तमान पता – बोनथापल्ली, गुम्मडीडाला, संगारेड्डी, तेलंगाना
बरामद दस्तावेज:
भारतीय पासपोर्ट
भारतीय आधार कार्ड
नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र (छायाप्रति)
कार्रवाई करने वाली टीम:
थाना सोनौली पुलिस टीम
इमिग्रेशन कार्यालय सोनौली के आव्रजन अधिकारी
महाराजगंज पुलिस द्वारा भारत–नेपाल सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं अवैध गतिविधियों पर रोकथाम के लिए निरंतर सतर्कता के साथ प्रभावी कार्रवाई जारी है।
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*



