
*महराजगंज पुलिस ने मिशन शक्ति के तहत महिलाओं व बालिकाओं को किया जागरूक*
महराजगंज | 27 दिसंबर 2025
महराजगंज जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 27 दिसंबर 2025 को कोतवाली पुलिस द्वारा महराजगंज बस स्टैंड एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर मिशन शक्ति टीम/एंटी रोमियो टीम के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान उपस्थित महिलाओं व बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 181, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, सखी-वन स्टॉप सेंटर, पॉक्सो एक्ट एवं मिशन शक्ति से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके साथ ही बाल विवाह, दहेज प्रथा एवं घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए इनके विरुद्ध जागरूकता फैलाई गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को आपात स्थिति में सहायता हेतु 1090, 1076, 181, 112 एवं 1930 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
महराजगंज पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर व सशक्त बनाना है।
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


