
रिपोर्टर अमृत कुमार पाण्डेय जनता का सच
सतहरा ग्राम सभा में वोटर लिस्ट संशोधन में भारी गड़बड़ी, मृतकों के नाम बरकरार, नाबालिग बनाए जा रहे मतदाता
संत कबीर नगर।
नाथनगर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा सतहरा में मतदाता सूची में नाम जोड़ने व घटाने की प्रक्रिया के दौरान गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि वोटर लिस्ट संशोधन के नाम पर खुलेआम फर्जीवाड़ा किया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी आंख मूंदे हुए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार ग्राम सभा में कई मृत व्यक्तियों के नाम अब तक मतदाता सूची से नहीं काटे गए हैं, जबकि उनके निधन को कई वर्ष बीत चुके हैं। इसके विपरीत, नियमों को ताक पर रखकर नाबालिगों को मतदाता बनाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आधार कार्ड में 12, 13 और 14 वर्ष आयु दर्ज होने के बावजूद उन्हें वोटर लिस्ट में शामिल कर दिया गया है, जो चुनाव आयोग के स्पष्ट दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह सारी प्रक्रिया संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) की मिलीभगत से की जा रही है। न तो उम्र की सही जांच की जा रही है और न ही दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। इससे मतदाता सूची की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस फर्जीवाड़े की जांच नहीं कराई गई तो आगामी चुनावों में इसका सीधा असर मतदान प्रक्रिया पर पड़ेगा। उन्होंने जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग से मांग की है कि सतहरा ग्राम सभा की मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी बीएलओ एवं संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा मृतकों के नाम तत्काल हटाकर नाबालिगों के नाम निरस्त किए जाएं।
इस संबंध में जब जिम्मेदार अधिकारियों से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और ग्रामीण कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।


