
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए एसपी ने किया बखिरा कस्बे में पैदल गश्त जिला संवाददाता अर्जुन सिंह
संतकबीरनगर।
जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना ने सोमवार को थाना बखिरा अंतर्गत कस्बा बखिरा में पैदल गश्त किया। इस दौरान उनके साथ क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों और दुकानदारों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। उन्होंने दुकानदारों एवं स्थानीय लोगों से अपने घरों, कॉलोनियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की। साथ ही कहा कि कम से कम एक कैमरा सड़क की ओर अवश्य लगाएं, जिससे आपराधिक व असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। उन्होंने बताया कि नागरिकों का यह छोटा सा प्रयास कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
गश्त के दौरान फुटपाथ पर लगे ठेलों तथा अनियमित वाहन पार्किंग के कारण हो रहे अतिक्रमण को हटाने के निर्देश भी संबंधित को दिए गए। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए तीन सवारी न बैठाने, बिना नंबर प्लेट वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और ओवर स्पीड से बचने की अपील की।
उन्होंने आमजन से यह भी कहा कि वे अपने परिवारजनों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक थाना बखिरा सतीश कुमार सिंह, पीआरओ पुलिस अधीक्षक दुर्गेश पाण्डेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


