




*आधारशिला वृद्धाश्रम में धूमधाम से मनाई गई अटल बिहारी वाजपेयी व मदन मोहन मालवीय की जयंती*
आनंद नगर।
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती एवं महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती के अवसर पर आनंद नगर स्थित आधारशिला वृद्धाश्रम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा समर्थकों एवं स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का नेतृत्व समाजसेवी शिवम जायसवाल एवं करुणेश उपाध्याय ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार और मार्गदर्शन को सदैव स्मरण करते रहना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को भी उनसे प्रेरणा मिलती रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व विधायक चौधरी शिवेंद्र सिंह ने कहा कि अटल जी देश के “भीष्म पितामह” थे। वे एक कुशल प्रशासक, साहित्यिक कवि, निडर, निर्भीक एवं व्यवहारिक राजनेता थे, जिनका समाज और राष्ट्र पर गहरा सकारात्मक प्रभाव पड़ा।
विशिष्ट अतिथि नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेश जायसवाल ने कहा कि देश में राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना जैसी ऐतिहासिक योजनाएं अटल जी की दूरदर्शी सोच का परिणाम हैं। उनके नेतृत्व में ही भारत ने कारगिल युद्ध में विजय प्राप्त की।
आधारशिला वृद्धाश्रम के प्रबंधक प्रदीप कटियार ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता और सिद्धांतों के लिए जाने जाते थे। वहीं समाजसेवी जय भारत एवं करमचंद यादव ने कहा कि अटल जी का प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल गौरवशाली रहा, जिसमें पोखरण परमाणु परीक्षण और आर्थिक नीतियों में दूरदर्शी निर्णय प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में अमरीश राव लंदन, इंद्रजीत चौधरी, आशीष जायसवाल, विकास चौरसिया, जगदंबा उपाध्याय, सुनील यादव सहित अनेक गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


