
*परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज में अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया*
महराजगंज।
आज परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज, आनंद नगर, महाराजगंज में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक भारतीय ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर डॉ. अशोक भारतीय ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी (25 दिसंबर 1924 – 16 अगस्त 2018) एक महान भारतीय कवि, लेखक और कुशल राजनेता थे। उन्होंने तीन बार भारत के प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया—पहली बार वर्ष 1996 में 13 दिनों के लिए, दूसरी बार 1998 से 1999 तक 13 महीनों के लिए तथा तीसरी बार 1999 से 2004 तक पूर्ण कार्यकाल के लिए। उनकी विदेश नीति और आर्थिक नीतियाँ आज भी सराहनीय मानी जाती हैं।
कार्यालय अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस “सुशासन दिवस” के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य देश में पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी प्रशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता के बारे में लोगों को जागरूक करना है।
विज्ञान संकाय अध्यक्ष के.पी. सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी में नेतृत्व की अनेक अद्भुत खूबियाँ थीं। वे अपनी पार्टी के नेताओं के साथ-साथ विपक्ष के नेताओं को भी साथ लेकर चलने की क्षमता रखते थे। इसी कारण उन्हें “अजातशत्रु” के नाम से भी जाना जाता था।
कार्यक्रम का संचालन बी.एड. प्रवक्ता मुरलीधर जायसवाल ने किया। कार्यक्रम में कार्यालय एवं प्रवक्ता गण में राजेश सिंह, अश्वनी सिंह, जमुना निषाद, सुरेश यादव, अरविंद, अखंड प्रताप सिंह, आयुष सिंह, राजेश चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


