Advertisement

‎*ठंड से बचाव के इंतजामों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, अलाव व रैन बसेरों का देर रात औचक निरीक्षण*

‎*ठंड से बचाव के इंतजामों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, अलाव व रैन बसेरों का देर रात औचक निरीक्षण*

महराजगंज, 23 दिसंबर 2025।
शीतलहर के दृष्टिगत आमजन को ठंड से सुरक्षित रखने हेतु जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा नगर पालिका महराजगंज क्षेत्र में बीती देर रात अलाव एवं रैन बसेरों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ठंड से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर अलाव की व्यवस्था का निरीक्षण किया। निर्धारित प्वाइंट्स पर अलाव की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिशासी अधिकारी को नियमित एवं प्रभावी रूप से अलाव जलाने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने चीउरहा स्थित रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय रैन बसेरे में 03 यात्री ठहरे हुए पाए गए। जिलाधिकारी ने वहां ठहरे यात्रियों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली, जिस पर यात्रियों द्वारा संतोष व्यक्त किया गया। निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे में अलाव, पेयजल, कंबल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध पाई गईं। हालांकि, सीसीटीवी कैमरा अक्रियाशील पाए जाने पर जिलाधिकारी ने तत्काल उसे दुरुस्त कराकर सतत क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। साथ ही अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि रैन बसेरे में सभी मूलभूत सुविधाएं निरंतर सुनिश्चित की जाएं तथा साफ-सफाई एवं व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शीतलहर के मद्देनजर आमजन को ठंड से सुरक्षित रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन की मंशा के अनुरूप ठंड से बचाव हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से लागू की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि जरूरतमंदों को समय पर राहत उपलब्ध हो।
जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी द्वारा चीउरहा स्थित कान्हा गोशाला का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गोवंश शेड, भूसा-चोकर, हरा चारा एवं अन्य पोषक आहार की उपलब्धता की जानकारी ली गई। इस दौरान लगभग 55 कुंतल भूसा, 12 कुंतल चोकर, गुड़ एवं अन्य पोषक आहार उपलब्ध पाए गए तथा गोशाला में अलाव भी जल रहा था। अपर जिलाधिकारी ने गोवंश को ठंड से सुरक्षित रखने हेतु सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी उपजिलाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर ठंड से बचाव एवं राहत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और जरूरतमंदों को त्वरित सहायता मिल सके।

‎*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*

Janta Ka Sach News