
रिपोर्टर अमृत कुमार पाण्डेय जनता का सच
संत कबीर नगर में ड्रग्स मुक्त जन अभियान का आयोजन, नशे से दूर रहने का लिया संकल्प
संत कबीर नगर स्थित नाथनगर क्षेत्र के महुली कस्बे में श्रेजा मैरेज हॉल में ड्रग्स मुक्त जन अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों सहित अन्य वक्ताओं ने नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला और लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की।
वक्ताओं ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज को भी खोखला कर देता है। युवाओं से विशेष रूप से अपील की गई कि वे नशे से दूरी बनाकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर ध्यान दें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदीप सिंह सिसोदिया ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ड्रग्स मुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज स्वयं जागरूक नहीं होगा, तब तक नशे जैसी बुराइयों पर पूरी तरह अंकुश लगाना संभव नहीं है।
मुख्य अतिथि के संबोधन के बाद कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


