
*अपर जिलाधिकारी ने रैन बसेरे का किया आकस्मिक निरीक्षण, बंद मिलने पर जताई कड़ी नाराजगी*
महराजगंज, 08 दिसंबर 2025: शीतलहर के बीच निराश्रित एवं जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए स्थापित रैन बसेरों में उपलब्ध सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानने हेतु अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने चौक नगर पंचायत क्षेत्र के सरदार पटेल नगर स्थित रैन बसेरे का आज आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रैन बसेरा बंद पाया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कुछ समय पश्चात जब केयर टेकर मौके पर पहुंचे और रैन बसेरे के बंद होने का कारण पूछा गया, तो वे कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दे सके। इस पर अपर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सर्दी के मौसम में रैन बसेरों का 24 घंटे खुला रहना अनिवार्य है, और इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया गया, जिनमें अनियमितताएं पाई गईं। अपर जिलाधिकारी ने रैन बसेरे के संचालन में लापरवाही उजागर होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने संबंधित अधिशासी अधिकारी (ईओ) को तत्काल स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया तथा जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही यह भी निर्देशित किया कि भविष्य में रैन बसेरे का संचालन समयबद्ध एवं नियमित रूप से किया जाए, ताकि किसी भी जरूरतमंद को असुविधा का सामना न करना पड़े।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सर्दी की तीव्रता को देखते हुए सभी नगर निकायों में आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूती से लागू किया जाए। रैन बसेरों के संचालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, तथा नियमित निगरानी कर यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी आवश्यक सुविधाएं निरंतर उपलब्ध रहें।
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


