Advertisement

*आईजीआरएस निस्तारण में फरेंदा और निचलौल तहसील ने हासिल किया प्रदेश में प्रथम स्थान*

आईजीआरएस निस्तारण में फरेंदा और निचलौल तहसील ने हासिल किया प्रदेश में प्रथम स्थान
पिछले माह केवल फरेंदा तहसील रही थी अव्वल, इस बार निचलौल भी शामिल

महराजगंज, 08 दिसंबर 2025।
जन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में जनपद महराजगंज की फरेंदा और निचलौल तहसील ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। पिछले माह केवल फरेंदा तहसील को प्रथम स्थान मिला था, जबकि नवीनतम रैंकिंग में निचलौल तहसील ने भी समान उपलब्धि दर्ज की है।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में उप जिलाधिकारी फरेंदा शैलेन्द्र गौतम तथा उप जिलाधिकारी निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता सहित पूरी तहसील टीम के सतत प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हो सकी। दोनों तहसीलों ने आईजीआरएस शिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में उत्कृष्ट कार्य करते हुए प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सभी एसडीएम को तय एसओपी का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया था। निर्देशों में स्पष्ट किया गया था कि राजस्व संबंधी शिकायतों का निस्तारण राजस्व एवं पुलिस टीम द्वारा मौके पर मुआयना करने के बाद ही किया जाए, तथा जांचकर्ता अधिकारी शिकायतकर्ता से वार्ता करने के बाद ही जांच आख्या दर्ज करें। एसओपी के तहत उप जिलाधिकारी स्तर से भी जांच अभिलेखों का रैंडम सत्यापन किया जाता है। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी दशा में आईजीआरएस प्रकरणों में डिफॉल्ट की स्थिति नहीं होनी चाहिए।

दोनों उप जिलाधिकारियों ने बताया कि तहसील प्रशासन का प्रयास रहता है कि शिकायतों का निस्तारण समयसीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से हो। जहाँ आवश्यक हो, वहां दूसरे पक्ष से भी वार्ता कर समाधान सुनिश्चित किया जाता है ताकि सभी पक्ष संतुष्ट हों।

इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने फरेंदा और निचलौल तहसील टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह जनपद के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि हालिया रैंकिंग यह दर्शाती है कि जनपद में लोक शिकायतों के निस्तारण में गुणात्मक सुधार हुआ है, जिससे अन्य तहसीलों को भी प्रेरणा मिलेगी।

फीडबैक रिपोर्ट:

तहसील फरेंदा: नवंबर माह में कुल 93 प्रकरणों पर फीडबैक लिया गया, जिसमें 91 शिकायतकर्ता निस्तारण से संतुष्ट रहे।

तहसील निचलौल: कुल 60 प्रकरणों में से 57 शिकायतकर्ताओं ने निस्तारण पर संतोष व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इसी तत्परता और पारदर्शिता के साथ जन शिकायतों के प्रभावी निस्तारण की प्रक्रिया जारी रहेगी।

*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*

Janta Ka Sach News