Advertisement

विकासखंड साँथा: वर्मा कला में मनरेगा मास्टर रोल में बड़े फर्जीवाड़े के आरोप, 149 मजदूर दिखाकर भुगतान—ग्रामीणों में आक्रोश


विकासखंड साँथा: वर्मा कला में मनरेगा मास्टर रोल में बड़े फर्जीवाड़े के आरोप, 149 मजदूर दिखाकर भुगतान—ग्रामीणों में आक्रोश
जनता का सच
अमृत कुमार पाण्डेय
संतकबीरनगर। विकासखंड साँथा ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम वर्मा कला में मनरेगा योजनाओं में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ज्ञान दास के खेत से जनार्दन के खेत तक पटरी पर मिट्टी कार्य तथा सुरेंद्रनाथ के खेत से पुलिया तक मिट्टी डालने का कार्य कागज़ों में पूरा दिखाया गया है, जबकि मौके पर कार्य अधूरा या न के बराबर दिखता है।

ग्रामीणों के अनुसार इन कार्यों में 149 मजदूरों का नाम दर्ज कर भुगतान दिखाया गया है, लेकिन कार्य वास्तविकता में नहीं दिखाई देता। ग्रामीणों का आरोप है कि वीडियो, सचिव और प्रधान की मिलीभगत से मास्टर रोल में फर्जी प्रविष्टियाँ की गईं और भुगतान उठाकर योजना के नियमों का उल्लंघन किया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि फर्जी मजदूर प्रविष्टि और बिना कार्य कराए भुगतान मनरेगा अधिनियम के तहत गंभीर अनियमितता है। उनका आरोप है कि योजनाओं से मिलने वाली धनराशि का दुरुपयोग कर अधिकारी और स्थानीय जिम्मेदार लोग “जेब भरने” में लगे हुए हैं।

ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से मांग की है कि इस प्रकरण की तत्काल जांच कराई जाए, स्थल निरीक्षण हो और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि कार्यों की वास्तविक स्थिति देखने पर पूरे घोटाले की परतें खुल जाएँगी।

उधर ब्लॉक प्रशासन का कहना है कि शिकायत प्राप्त होते ही टीम भेजकर जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे व्यापक विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।

Janta Ka Sach News