*ऑपरेशन ‘कार-ओ-बार’: सड़क पर शराब पीने वालों पर महराजगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई*
महराजगंज पुलिस | दिनांक: 03 दिसंबर 2025
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देशन में बुधवार शाम पूरे जनपद में ऑपरेशन कार-ओ-बार चलाया गया। सड़क पर कार को बार बनाकर खुलेआम शराब पीने जैसे अवैध कृत्यों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यह व्यापक विशेष अभियान संचालित किया गया।
पुलिस टीमों ने शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक शराब के ठेकों के आसपास तथा उन स्थानों पर गहन चेकिंग की, जहां अवैध रूप से शराब पीने की शिकायतें लगातार मिलती रही थीं। अभियान के दौरान पुलिस ने अनधिकृत स्थलों पर शराब पीते व पिलाते पाए गए 765 लोगों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की।
कई स्थानों पर अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया, जबकि नशे में वाहन चलाने वालों पर तत्काल जुर्माना सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी पर रोक लगाना, सड़क हादसों में कमी लाना और जनपद की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*



