Advertisement

*जिलाधिकारी ने चिउरहा कान्हा गोशाला का किया औचक निरीक्षण, सर्दियों से पहले आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश*

*जिलाधिकारी ने चिउरहा कान्हा गोशाला का किया औचक निरीक्षण, सर्दियों से पहले आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश*

महराजगंज, 02 दिसंबर 2025। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आज चिउरहा स्थित कान्हा गोशाला का औचक निरीक्षण किया और गोवंश के संरक्षण, भोजन, स्वास्थ्य एवं शीतकालीन व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोशाला में मौजूद पशुओं की संख्या, चारा–भूसा, वैक्सीनेशन और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका ने अवगत कराया कि गोशाला में कुल 106 गोवंश हैं, जिनमें 77 नंदी और 29 गाय शामिल हैं। गोवंश के लिए गोशाला में लगभग 80 कुंतल भूसा, 20 कुंतल चूनी, 12 कुंतल चोकर, 1.5 कुंतल गुड़, 8 कुंतल कपिला पशु आहार तथा 40 किलो नमक उपलब्ध है।

हरे चारे की कमी पर अधिशासी अधिकारी ने बताया कि जई की बोआई कर दी गई है, जिससे एक सप्ताह में हरा चारा मिलने लगेगा। इस पर जिलाधिकारी ने तब तक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने गोवंश के लिए खुले बाड़े की व्यवस्था हेतु भूमि चिन्हित करने के भी निर्देश दिए।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि सभी गोवंशों का टीकाकरण पूरा कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने गोवंश के स्वास्थ्य का नियमित परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।

सर्दियों को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने गोवंश को ठंड से बचाने की सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही निरीक्षण पंजिका सहित सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोवंश का संरक्षण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं गोवंश को गुड़–चना भी खिलाया।

निरीक्षण के समय सीवीओ डॉ. हौसला प्रसाद, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, ईओ नगर पालिका परिषद आलोक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*

Janta Ka Sach News