
*महराजगंज: जिलाधिकारी ने चीउरहा समिति पर धान खरीद व उर्वरक बिक्री का किया निरीक्षण*
महराजगंज, 02 दिसंबर 2025। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत साधन सहकारी समिति चीउरहा पर धान खरीद और उर्वरक बिक्री की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
सबसे पहले जिलाधिकारी ने समिति पर उर्वरक बिक्री की स्थिति देखी। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन करते हुए कुल बिक्री व उपलब्ध भंडार की जानकारी ली। प्रभारी द्वारा बताया गया कि अब तक 1404 बोरी यूरिया की बिक्री की जा चुकी है, जबकि 656 बोरी स्टॉक में उपलब्ध है। इसी प्रकार 2133 बोरी डीएपी का वितरण किया गया है और 17 बोरी स्टॉक में मौजूद हैं। जिलाधिकारी ने स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी कराया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने उर्वरक लेने आए किसान अदालत और रामप्रताप से संवाद किया। किसानों ने बताया कि उन्हें उर्वरक वितरण में कोई असुविधा नहीं हुई। जिलाधिकारी ने दोनों से फॉर्मर रजिस्ट्रेशन और समिति सदस्यता कार्ड की जानकारी ली, जिस पर किसानों ने बताया कि दोनों दस्तावेज उनके पास उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने अन्य उपस्थित किसानों को भी फॉर्मर आईडी बनवाने एवं अन्य किसानों को प्रेरित करने की अपील की।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने समिति पर स्थापित केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार लिमिटेड का निरीक्षण किया। केंद्र प्रभारी विनोद कुमार यादव ने अवगत कराया कि अब तक 75 किसानों से 1634.6 कुंतल धान की खरीद हो चुकी है, जबकि लक्ष्य 20 हजार कुंतल है। उन्होंने बताया कि सभी किसानों को भुगतान भी कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान किसान शिवम पटेल के धान की तौल की जा रही थी, जिसकी नमी 14.6% पाई गई, जो अनुमन्य सीमा 17% के भीतर है।
जिलाधिकारी ने धान के प्रेषण की स्थिति की जानकारी ली। पीसीयू के जिला प्रबंधक ने बताया कि फोर्टीफाइड चावल उपलब्ध न होने के कारण मिलर्स द्वारा अग्रिम लॉट नहीं भेजा गया है, जिससे केंद्र से धान का प्रेषण प्रभावित हुआ है। इस पर जिलाधिकारी ने मिलर्स से समन्वय कर अग्रिम लॉट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बोरों की उपलब्धता के विषय में भी जानकारी ली, जिस पर बताया गया कि मिलर द्वारा आवश्यक बोरे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी क्रय केंद्रों पर संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों के नाम व फोन नंबर स्पष्ट रूप से अंकित किए जाएँ। उन्होंने खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण, गुणवत्तायुक्त धान की पारदर्शी खरीद, समय से प्रेषण तथा सीमांत किसानों से अधिक से अधिक धान खरीदने पर जोर दिया।
उन्होंने क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने और क्रय नीति के नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, पिछले वर्षों में धान बेचने वाले किसानों से संपर्क कर खरीद गति देने का भी सुझाव दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला सूचना अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका तथा जिला प्रबंधक पीसीयू उपस्थित रहे।
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


