
*परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज में विश्व प्रदूषण निवारण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
आनंद नगर, महराजगंज — परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज में विश्व प्रदूषण निवारण दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक भारतीय ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि व माल्यार्पण कर किया।
छात्रों को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. भारतीय ने कहा कि 2 दिसंबर का यह दिन वायु, जल तथा अन्य प्रकार के प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि प्रदूषण मानव स्वास्थ्य और संपूर्ण ग्रह के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है, जिससे निपटने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष के.पी. सिंह ने ‘फ्राइडेज़ फ़ॉर फ़्यूचर’ जैसे वैश्विक आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज जलवायु परिवर्तन के परिणामों को समझना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बी.एड. विभाग के प्रवक्ता मुरलीधर जायसवाल ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण केवल कुछ लोगों की कोशिशों से नहीं, बल्कि सभी की सहभागिता से संभव है। एक पौधा लगाने, कचरा सही स्थान पर फेंकने, प्लास्टिक का पुनर्चक्रण करने जैसे छोटे कदम भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।
राजनीति विज्ञान विभाग के प्रवक्ता डॉ. यशवंत राव ने कहा कि विश्व प्रदूषण निवारण दिवस पर्यावरण सुधार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा संचालित यह दिवस विश्वभर में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने का सबसे बड़ा वार्षिक आयोजन है, जिसका उद्देश्य प्रकृति संरक्षण के प्रति लोगों को प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख प्रवक्ता एवं कर्मचारीगण में डॉ. यशवंत सिंह, डॉ. संजय शर्मा, डॉ. मोहम्मद नईम, सत्य प्रकाश मौर्य, घनश्याम सिंह, राजेश सिंह, जमुना निषाद, बैजनाथ चौरसिया, रक्षा, एवं डॉ. अभिमन्यु शर्मा शामिल रहे।
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


