Advertisement

*एसआईआर प्रक्रिया की प्रगति पर राजनीतिक दलों के साथ जिलाधिकारी की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न*

*एसआईआर प्रक्रिया की प्रगति पर राजनीतिक दलों के साथ जिलाधिकारी की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न*

महराजगंज, 28 नवंबर 2025।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आज जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया की प्रगति, पारदर्शिता और वर्तमान स्थिति से सभी राजनीतिक दलों को अवगत कराना रहा।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में एसआईआर कार्य निर्धारित समयसीमा और दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुचारु रूप से संचालित है। मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए बीएलओ एवं संबंधित कार्मिक घर-घर जाकर गंभीरता से सत्यापन कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है और सभी स्टेकहोल्डर्स के सहयोग से ही इसे सफल बनाया जा सकता है।

बैठक में उपस्थित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने धरातल पर चल रहे एसआईआर कार्य की पारदर्शिता और कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा मतदाताओं और बीएलओ से सीधे संवाद की पहल से एसआईआर प्रक्रिया में गति और गुणवत्ता दोनों में सुधार हुआ है।
राजनीतिक दलों की ओर से बूथवार डिजिटाइजेशन के आंकड़ों की मांग भी की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को यह डेटा राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी शर्मा ने सभी दलों के प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रणाली में राजनीतिक दलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने दलों से अपील की कि वे अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से एसआईआर से संबंधित सटीक जानकारी आम मतदाताओं तक पहुँचाएं और अधिकाधिक लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम सत्यापित एवं अद्यतन कराने हेतु प्रेरित करें।

अंत में जिलाधिकारी ने सभी दलों को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि बेहतर समन्वय और सहभागिता के साथ एसआईआर कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाएगा।

*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*

Janta Ka Sach News