Advertisement

*जिलाधिकारी ने दूसरे दिन भी फोन पर सुनीं मतदाताओं की समस्याएं, 26 लोगों की शंकाओं का किया समाधान*

*जिलाधिकारी ने दूसरे दिन भी फोन पर सुनीं मतदाताओं की समस्याएं, 26 लोगों की शंकाओं का किया समाधान*

महराजगंज, 28 नवंबर 2025।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संदर्भ में जिलाधिकारी महराजगंज श्री संतोष कुमार शर्मा प्रतिदिन की तरह आज भी सुबह 11:00 बजे से 12:00 बजे तक सीधे फोन पर मतदाताओं की समस्याएं सुनते रहे। लगातार दूसरे दिन आयोजित इस जनसुनवाई में पांचों विधानसभाओं के कुल 26 मतदाताओं ने फोन कर अपनी समस्याओं, शंकाओं और सुझावों से अवगत कराया।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक कॉलर की बात विस्तार से सुनी और आवश्यक निर्देश संबंधित ईआरओ को जारी किए। उन्होंने सभी मतदाताओं को एसआईआर प्रक्रिया की जानकारी देते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

फरेन्दा विधानसभा के सोनबरसा निवासी राहुल ने 2003 एवं पिछली मतदाता सूची में नाम न होने की शिकायत की तथा फॉर्म भरने की प्रक्रिया के बारे में पूछा। जिलाधिकारी ने उन्हें घोषणापत्र के साथ फॉर्म 06 भरने का निर्देश दिया।
इसी प्रकार पनियरा के रामसमुझ ने ऑनलाइन नाम गलत प्रदर्शित होने की समस्या बताई, जिस पर जिलाधिकारी ने एसआईआर के उपरांत नाम सुधार की प्रक्रिया की जानकारी दी।
फरेन्दा के विजय ने वोटर लिस्ट में नाम होने के बावजूद गणना प्रपत्र न मिलने की शिकायत की, जिस पर संबंधित ईआरओ को तत्काल गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

अन्य विधानसभाओं से भी कई मतदाताओं ने एसआईआर से जुड़े सवाल, ऑनलाइन फॉर्म भरने की विधि तथा सूची सुधार से संबंधित समस्याएं साझा कीं। जिलाधिकारी ने सभी कॉलर्स को आवश्यक जानकारी देते हुए शिकायतों को 24 घंटे के भीतर निस्तारित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को भेज दिया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाताओं से प्राप्त सुझावों को भी आगे एसआईआर प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभिनव पहल का उद्देश्य मतदाताओं में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना और एसआईआर से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि 2003 की मतदाता सूची सभी बीएलओ एवं उनके सहयोगी कर्मियों के पास उपलब्ध है, जिसे मतदाता उनसे प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से भी मतदाता सूची डाउनलोड की जा सकती है।

जिलाधिकारी प्रतिदिन मोबाइल नंबर 8423675896 पर सुबह 11:00 से 12:00 बजे तक एसआईआर से जुड़ी समस्याएं सुन रहे हैं। उनका प्रयास है कि किसी भी मतदाता को एसआईआर फॉर्म भरने में कठिनाई न हो और सभी को समय पर सहायता प्राप्त हो सके।

*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*

Janta Ka Sach News