
*परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज में शहीदी दिवस कार्यक्रम का आयोजन*
आनंद नगर, महाराजगंज |
आज परमेश्वर सिंह मेमोरियल पीजी कॉलेज, आनंद नगर, महाराजगंज में शहीदी दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. अशोक भारतीय द्वारा गुरु तेग बहादुर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. भारतीय ने बताया कि वर्ष 1675 में मुगल बादशाह औरंगजेब ने जबरन धर्मांतरण का आदेश दिया था, जिसके विरोध में गुरु तेग बहादुर ने कश्मीरी पंडितों के धार्मिक अधिकारों की रक्षा हेतु इस्लाम स्वीकार करने से इंकार कर दिया और इसके लिए उन्होंने अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।
कार्यालय अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने कहा कि गुरु तेग बहादुर को ‘हिंद की चादर’ की उपाधि इसलिए दी गई क्योंकि उन्होंने औरंगजेब के शासनकाल में धार्मिक स्वतंत्रता, मानवाधिकारों और धार्मिक आस्था की रक्षा के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया।
बी.एड. प्रवक्ता मुरलीधर जायसवाल ने अपने संबोधन में बताया कि आज के दिन मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की पंचमी को भगवान श्रीराम और माता सीता का विवाह हुआ था, जिसे विवाह पंचमी के रूप में मनाया जाता है। हिंदू पंचांग में इसे अत्यंत शुभ तिथि माना जाता है।
कार्यक्रम में कॉलेज प्राचार्य ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि आज का दिन ऐतिहासिक और गर्व से भरा है, क्योंकि अयोध्या में निर्मित भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर आज भगवा ध्वज लहराया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभ मुहूर्त में 22 फीट लंबे, 11 फीट चौड़े और लगभग 3 किलो वजनी धर्म ध्वज का ध्वजारोहण किया।
कार्यक्रम में प्रवक्ता एवं कर्मचारीगण—जमुना निषाद, अश्वनी सिंह, राजेश सिंह, घनश्याम सिंह, संतोष कुमार, बैजनाथ चौरसिया, सुरेश यादव, चंद्रबली सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन गुरु तेग बहादुर के बलिदान और भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं को नमन करते हुए किया गया।
*महाराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


