
*जिलाधिकारी ने सोहगीबरवा इको टूरिज्म परियोजना का किया निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने के निर्देश*
महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने तहसील निचलौल के ग्राम रामचन्द्रही स्थित निर्माणाधीन सोहगीबरवा इको टूरिज्म परियोजना का बुधवार को स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना की कुल लागत, आरम्भ तिथि एवं निर्धारित पूर्णता अवधि की विस्तृत जानकारी ली। इस संबंध में सहायक पर्यटक अधिकारी प्रभाकर मणि ने बताया कि परियोजना का कार्य सितंबर 2024 में शुरू होना प्रस्तावित था, लेकिन वन विभाग की आपत्ति तथा जल जमाव के कारण कार्य जुलाई 2025 में प्रारंभ हो सका। कार्यदाई संस्था द्वारा आरम्भ तिथि परिवर्तन हेतु विभाग को पत्र भी भेजा गया है।
जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर जमा पानी को तत्काल निकालने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना को समय से पहले या निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्वक पूरा किया जा सके। उन्होंने कार्यदाई संस्था को स्पष्ट निर्देश दिया कि तिथि परिवर्तन से जुड़े सभी प्रस्तावों को पर्यटन विभाग और शासन स्तर पर शीघ्रता से निस्तारित कराया जाए, जिससे सीएम डैशबोर्ड पर परियोजना की प्रगति पर नकारात्मक प्रभाव न पड़े।
जिलाधिकारी शर्मा ने कहा कि जनपद में पर्यटन विकास की बेहद व्यापक संभावनाएं हैं, इसलिए सभी पर्यटन परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्ता युक्त रूप से पूर्ण कराना अनिवार्य है।
निरीक्षण के दौरान एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता समेत अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
*महराजगंज से जिला संवाददाता मोहम्मद अली की खास रिपोर्ट*


